अनुराग ठाकुर ने पीयूष गोयल के लिए शेयर किया वीडियो, जवाब मिला- आपको रेलमंत्री क्यों नहीं बनाते मोदी

पूर्व बीसीसीआई प्रमुख और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। 13 सेकेंड के इस वीडियो को केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल और भारतीय रेल मंत्रालय को टैग किया गया है। वीडियो शेयर करते हुए अनुराग ठाकुर लिखते हैं, ‘डियर पीयूष गोयल जी उम्मीद है कि इस एस्केलेटर को ठीक किया जा सकता है। जो पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन आने वाले सभी यात्रियों की मदद करेगा।’ दरअसल जिस वीडियो को शेयर किया है उसमें एक शख्स बंद पड़े एस्केलेटर से भारी सामान लेकर नीचे उतकर आ रहा है। वीडियो में दो एस्केलेटर नजर आ रहे हैं और दोनों ही बंद पड़े हैं।’ दूसरी तरफ रेल मंत्रालय ने भाजपा सांसद के ट्वीट का तुरंत जवाब दिया है। ट्वीट में कहा गया, ‘प्लीज डिविजनल रेलवे मैनेजर दिल्ली (DRMDELHI) में बताएं।’

पूर्व बीसीसीआई प्रमुख के ट्वीट पर कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं भी दी हैं। आपना पंजाब लिखते हैं, ‘मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर को ही रेल मंत्री क्यों नहीं बनाते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?’ एक यूजर लिखते हैं, ‘अनुराग ठाकुर ही काम करने योग्य पुरुष है। मैं आपको सलाम करता हूं।’ वहीं कौशल लिखते हैं, ‘थोड़ा पैदल भी चल लिया को, कसरत हो जाती है।’ सयैद अजीज अहमद लिखते हैं, ‘सर प्लीज ट्रेनों के लेट होने के खिलाफ भी कार्रवाई कीजिए। इससे यात्रियों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।’ विश्वास शर्मा लिखते हैं, ‘ये एक जागरुक नागरिक की जिम्मेदारी है।’

जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिनों देशभर में हुए कई भयंकर रेल हादसों के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु पर पद से इस्तीफा देना का दबाव था। जिसके कारण कथित तौर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट में फेरबदल कर उन्हें दूसरा मंत्रालय सौंप दिया था। जबकि पीयूष गोयल को नया केंद्रीय रेल मंत्री बनाया गया। हालांकि पीयूष गोयल के पदभार संभालने के चंद घंटों के भीतर ही तीन रेल दुर्घटनाएं समाने आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *