अमित शाह के भाषण में किसी श्रोता ने राहुल गांधी को कहा पप्पू, भाजपा अध्यक्ष ने टोका

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम में भाषण के दौरान एक शख्स ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहकर संबोधित किया। हालांकि ये शब्द खुद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पसंद नहीं आए और उन्होंने खुद शख्स की इस टिप्पणी के बाद उसे बाहर जाने को कहा। दरअसल अमित शाह मध्यप्रदेश में एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। जहां उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। और पार्टी की परिवारवार नीति पर सवाल उठाए। इस दौरान शाह ने लोगों ने पूछा कि सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा। इस दौरान वहां मौजूद एक शख्श ने चिल्लाकर कहा, ‘पप्पू।’ शाह को शख्स का ये जवाब बहुत बुरा लगा और उन्होंने शख्स को कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने के लिए कहा। बाद में भाजपा अध्यक्ष ने लोगों को राहुल गांधी के बारे में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल ना करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कोई राहुल गांधी के बारे में इस तरह की बातें ना करे।

गौरतलब है कि बीते दिनों निजता के अधिकार को संविधान के तहत मौलिक अधिकार करार दिए जाने के फैसले का स्वागत करते उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि देश में आपातकाल लगाकर लोगों की आजादी छीनने वाले आज मौलिक अधिकारों की बात कर रहे हैं। शाह ने तब इस फैसले को लेकर एक ब्लॉग लिखा था। जिसमें उन्होंने लिखा, ‘उच्चतम न्यायालय का आज का फैसला एक स्वागत योग्य निर्णय है। यह मौलिक अधिकारों और निजी स्वतंत्रता को मजबूत करने वाला फैसला है। हमारी सरकार न्यायसंगत सामाजिक सेवा की आपूर्ति सुनिश्चित करने खासकर आज के निर्णय के अनुरूप गरीबों तक सामाजिक सेवा को पहुंचाने को प्रतिबद्ध है। आज का फैसला महत्वपूर्ण है, जो सरकार के नजरिए और कदमों से मेल खाता है। कुछ शरारतपूर्ण दुष्प्रचारों का भंडाफोड़ होना जरूरी है। जो आज निजता के बड़े पैरोकार बन रहे हैं, उन्होंने दशकों तक यह सुनिश्चित किया कि भारत में निजता को लेकर कोई मजबूत कानून नहीं हो वे लोग आधार को लेकर टिप्प्णी कर रहे हैं, जिन्होंने वर्षों तक इसे कानूनी आधार प्रदान नहीं किया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *