अमित शाह बोले- बीजेपी के सत्ता में रहने तक बना रहेगा एससी/एसटी एक्ट और नौकरियों में आरक्षण

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार (10 जून) को छत्तीगढ़ में पार्टी की एक रैली में एलान किया कि उनकी सरकार के सत्ता में रहने तक एससी/एसटी एक्ट और नौकरियों में आरक्षण खत्म नहीं होगा। अमित शाह यहां सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ विकास यात्रा में रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में बीजेपी अध्यक्ष कांग्रेस पर जमकर बरसे। अमित शाह ने कहा कि चुनाव आने पर कांग्रेस झूठ का सहारा लेकर लोगों को भ्रमित करती है। एससी-एसटी अधिनियम और आरक्षण को लेकर झूठ फैलाया गया लेकिन भाजपा सरकार जब तक है तब तक एससी-एसटी अधिनियम में कोई बदलाव नहीं होगा और आरक्षण को कोई नहीं बदल सकता है। अमित शाह अपने भाषण के ज्यादातर वक्त में कांग्रेस, राहुल गांधी और पूर्व में कांग्रेस पार्टी के द्वारा किए गए कामों पर केंद्रित रहे। अमित शाह ने रैली में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के परिवार ने इस देश में चार पीढ़ी तक राज किया है लेकिन इस दौरान देश में विकास क्यों नहीं हुआ? जनता यह जानना चाहती है।

अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह पूछ रहे थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने चार सालों में क्या हुआ? शाह ने कहा, ‘‘राहुल हमसे चार वर्षों का हिसाब पूछ रहे हैं। हमें उनको हिसाब देने की जरूरत नहीं है। हम एक-एक मिनट और एक-एक पैसे का हिसाब जनता को देंगे जब हम उनसे वोट लेने जाएंगे लेकिन उनकी चार पीढ़ी ने इस देश में शासन किया है उसका भी उन्हें हिसाब देना होगा।’’ शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के परिवार ने 55 साल तक इस देश में शासन किया है। राहुल के परदादा जवाहरलाल नेहरू, दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह के साथ देश में शासन किया है। इस दौरान देश में विकास क्यों नहीं हुआ? देश की जनता उनसे जानना चाहती है।

अमित शाह ने इस दौरान भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। शाह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले चार वर्षों में 30 करोड़ लोगों के बैंक में खाते खुलवाए। 3 करोड़ 80 लाख माताओं को गैस सिलेंडर दिया गया। साढ़े 7 करोड़ घरों में शौचालय बनाने का काम किया गया। 19 हजार गांवों में बिजली पहुंचाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद चार सालों में 116 योजनाएं गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवाओं, महिलाओं और सभी वर्ग के लिए बनाई गईं। अपने भाषण में शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक, सीमा को सुरक्षित करने और छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को खदेड़ने संबंधी बातें कहीं। रैली में शाह ने रमन सरकार की जमकर तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *