असम की लड़की ने डाला खुदकुशी का स्‍टेटस, फेसबुक ने पुलिस को कर दिया फोन, बचा ली गई जान

तेजी से बढ़ते सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान दोनों ही हैं। सोशल मीडिया का इस्तेमाल अब पुलिस भी कर रही है। इससे पुलिस को न सिर्फ अफवाहों से निपटने में मदद मिल रही है बल्कि कई बार ये मीडिया जिंदगी बचाने में भी कारगर भूमिका निभा रहा है। दरअसल सोमवार (23 जुलाई) को असम की एक नाबालिग लड़की ने फेसबुक पर अपडेट किया कि वह आत्महत्या करने जा रही है। जैसे ही ये खबर फेसबुक के अमेरिका स्थित हेडक्वार्टर को लगी। उन्होंने असम पुलिस को इस बात की सूचना दे दी। इस सूचना के मिलते ही असम पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया। फेसबुक से मिली टिप के आधार पर तत्काल लड़की को लोकेट कर लिया गया।

असम पुलिस ने ट्वीट करके बताया ,”हमें फेसबुक से सूचना मिली थी कि पिछली रात एक नाबालिग लड़की ने अपना स्टेटस अपडेट किया है कि मैं आज सुसाइड करने जा रही हूं। बच्ची की महज 30 मिनट में पहचान कर ली गई और उसे सुरक्षित कर लिया गया। उसकी और उसके परिवार की काउंसिलिंग की गई है। वह अब सुरक्षित है और अपने माता-पिता की देखरेख में है।”

एक पुलिस अधिकारी ने बाद में अपने बयान में कहा कि हमें लड़की तक इस तरह पहुंचना था कि हमारे पहुंचने के बाद घबराकर वह कोई गलत कदम न उठा ले। इसलिए लड़की के घर पहुंचने वाले पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे।

हाल ही में असम पुलिस ने महिलाओं पर छींटाकशी करने और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया था। इस अभियान में असम पुलिस ने एक ट्वीट भी किया था। जिसे लोगों ने खूब सराहा था। ट्वीट कुछ यूं था,”किसी तारीफ और छेड़खानी के बीच के फर्क को समझो। आजकल अनावश्यक ध्यान देने की आदत खूब चल रही है।” जैसे ही ये ट्वीट हुआ, लोगों ने इसे जमकर रीट्वीट किया और असम पुलिस की तारीफ की। पुलिस की तारीफ करने वालों में बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल का भी नाम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *