आतंक के खिलाफ अफ्रीका के साथ सहयोग बढ़ाएगा भारत : मोदी

युगांडा की राजधानी कंपाला पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वहां की संसद में कहा कि आतंकवाद और चरमपंथ के खिलाफ लड़ाई में भारत अफ्रीका के साथ अपने सहयोग और आपसी क्षमता को मजबूत बनाएगा। इससे पूर्व कंपाला में उन्होंने मेजबान राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के साथ विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग, आधिकारिक और राजनयिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा से छूट, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम और सामग्री प्रशिक्षण प्रयोगशाला के क्षेत्रों में चार सहमति पत्रों पर दस्तखत किए।

द्विपक्षीय वार्ता के बाद मोदी ने इस पूर्वी अफ्रीकी देश को ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, कृषि और डेयरी क्षेत्रों में करीब 20 करोड़ डालर के दो ऋणों की सुविधा देने की घोषणा की। युगांडा के राष्ट्रपति को भारत का पुराना मित्र बताते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 2007 में युगांडा की पहली यात्रा उनके जेहन में अब भी बनी हुई है। राष्ट्रपति मुसेवेनी ने मोदी की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक मामलों में उनके व्यापार प्रबंधन रुख से भारत में काफी बदलाव आया है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी मोदी के वहां की संसद में दिए गए भाषण के मसौदे के मुताबिक प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के पारस्परिक संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि ये समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। मोदी ने कहा कि भारत युगांडा के साथ रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को तैयार है। भारत और युगांडा को सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना चाहिए। उन्होंने युगांडा के सैन्य बल व नागरिकों के उपयोग के लिए वाहन व एंबुलेंस देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अफ्रीका के साथ भारत के संबंध 10 सिद्धांतों से निर्देशित होते रहेंगे। भारत को अफ्रीका का सहयोगी होने पर गर्व है और इस मामले में युगांडा अफ्रीकी महाद्वीप में विशेष महत्त्व रखता है। उन्होंने कहा कि हम अफ्रीका के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ बनाएंगे। जैसा कि हमने प्रदर्शित किया है, यह निरंतर और नियमित रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी साझेदारी में अभी 40 से ज्यादा अफ्रीकी देशों में तकरीबन 11 अरब डालर की 180 कर्ज सुविधाओं को लागू करना शामिल है।’ मोदी ने कहा कि भारत और युगांडा के बीच व्यापार में असंतुलन है। मैं उसी को ठीक करने के लिए यहां आया हूं। उन्होंने कहा कि भारत में किसी के लिए भी निवेश करना आसान है, क्योंकि यह एक पॉलिसी ड्रिवन देश है। मोदी ने कहा कि भारत बहुत तेजी से विकास कर रहा है, हम विकास करेंगे और हम उनकी भी विकास करने में मदद करेंगे जो हमारे साथ हैं। मोदी ने कंपाला में कैंसर संस्थान को कैंसर थेरैपी मशीन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *