‘आप’ विधायक मामला: यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति के फैसले पर उठाए सवाल, बोले- यह घटिया किस्म की तुगलकशाही

पूर्व विदेश और वित्त मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों की ‘लाभ के पद’ मामले में सदस्यता रद्द होने के मामले में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पर ही हमला बोल दिया। उन्होंने ट्वीट के जरिये राष्ट्रपति के फैसले पर निशाना साधा। यशवंत सिन्हा ने रविवार (21 जनवरी) को ट्वीट में लिखा- ”राष्ट्रपति का आप के 20 विधायकों की सदस्यता रद्द करना पूरी तरह से न्याय की भ्रूण हत्या है। न कोई सुनवाई हुई, न हाईकोईट के आदेश का इंतजार किया गया। यह सबसे घटिया किस्म की तुगलकशाही है।” यशवंत सिन्हा बीजेपी में वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के खेमे के माने जाते हैं और उन पर बागी होने का आरोप लगता है। यशवंत सिन्हा पर मोदी सरकार के फैसलों को लेकर भी अलग राय रखने के आरोप लगते रहे हैं। बीजेपी के एक और बागी नेता कहे जाने वाले बिहार से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी ट्वीट कर आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रति संवेदना जताई थी।

शत्रुघ्न सिन्हा आप को ढांढस बंधाते हुए ट्वीट में लिखा था- ”आप आए, आप छाए, आप ही आप चर्चा का विषय, घर घर में, हर घर में, तो फिर किस बात की फिक्र है आपको? प्रतिशोध और हितों की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती है, इसलिए चिंता न करें, खुश रहें।” एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा था- ”उम्मीद और प्रार्थना करता हूं कि आपको के साथ जल्द ही पवित्र न्याय होगा। आपकी टीम और खास आपको बधाई। याद रखें कि जब कठिन समय आता है तो वह भी निकल जाता है। सत्यमेव जयते, जय हिंद।”

बता दें कि बीजेपी के इन वरिष्ठ नेताओं के ये बयान ऐसे समय आए हैं जब पार्टी आप के खिलाफ कार्रवाई के चलते दिल्ली में फिर से पैर जमाने की संभावना तलाश रही है। ऐसे में यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर पार्टी का रुख क्या होगा, यह देखना भी दिलचस्प होगा। यशवंत सिन्हा के ट्वीट पर लोगों ने खूब कमेंट भी किए। यश जैन नाम के यूजर ने आशंका जताई कि वह ऐसे देश में रह रहे हैं जहां पता नहीं, राष्ट्रपति निष्पक्ष हैं या नहीं। मनीष सिंह ने कहा कि यशवंत सिन्हा बिल्कुल आप नेताओं जैसी बात कर रहे हैं, कल ही हाईकोर्ट ने आप की अर्जी खारिज कर दी थी। चंदन वर्मा में मजाक भरा ट्वीट किया, जिसमें लिखा- पकोड़ा खाइये, मस्त रहिए, अबकी बार पकोड़ा सरकार। कुछ यूजरों ने यशवंत सिन्हा पर अवसाद जाहिर करने के आरोप भी लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *