इटली से राहुल गांधी का पहला ट्वीट, तीन राज्‍यों के चुनाव पर बोले- फिर से जीतेंगे भरोसा

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने इटली से पहली बार ट्वीट किया है। उन्होंने जनादेश का सम्मान करने और फिर से जनता का भरोसा जीतने की बात कही है। राहुल ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस पार्टी त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय की जनता के आदेश का सम्मान करती है। हमलोग पूरे पूर्वोत्तर में पार्टी को मजबूत करने और फिर से जनता का भरोसा जीतने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। मैं कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की।’ त्रिपुरा और नगालैंड में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, जबकि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद मेघालय की सत्ता पार्टी के हाथ से चली गई। भाजपा ने वाम दल का गढ़ माने जाने वाले त्रिपुरा में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, वहीं नगालैंड में सहयोगी दलों के साथ मिलकर सत्ता में आने की जुगत में है। बता दें कि चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मेघालय के कांग्रेसी मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस को मुकुल संगमा के सहारे मेघालय में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *