इस साल सबसे ज्यादा हुआ संघर्षविराम उल्लंघन, 724 बार पाकिस्तान ने किया दुस्साहस

पाकिस्तान ने इस साल जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास संघर्षविराम उल्लंघन का रेकॉर्ड तोड़ दिया है। संघर्ष विराम उल्लंघन की यह घटना पिछले सात साल में सबसे अधिक हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इस साल अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय सीमा व नियंत्रण रेखा के पास 724 बार संघर्षविराम  उल्लंघन किया है, जबकि वर्ष 2016 में यह संख्या 449 थी। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि अक्तूबर तक सीमा पार से हुई गोलीबारी में कम से कम 12 स्थानीय नागरिक मारे गए व 17 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। इसके अनुसार, सीमा पार से हुई गोलीबारी में कुल 79 स्थानीय नागरिक और 67 सुरक्षा कर्मी घायल हुए। अंतरराष्ट्रीय सीमा, नियंत्रण रेखा और जम्मू कश्मीर में वास्तविक जमीनी स्थिति रेखा (एजीपीएल) के पास भारत व पाकिस्तान के बीच युद्धविराम नवंबर 2003 में अमल में लाया गया था।

पाकिस्तान के साथ लगती भारत की 3,323 किलोमीटर लंबी सीमा रेखा है, जिसमें जम्मू कश्मीर में 221 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा और 740 किलोमीटर नियंत्रण रेखा से लगती है। वर्ष 2016 में संघर्षविराम उल्लंघन की 449 घटनाएं हुई थीं जिनमें 13 स्थानीय नागरिक मारे गए थे व 13 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे और 83 स्थानीय नागरिक व 99 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। वर्ष 2015 में संघर्षविराम उल्लंघन की 405 घटनाएं, वर्ष 2013 में 347, वर्ष 2012 में 114, वर्ष 2011 में 62 और वर्ष 2010 में 62 घटनाएं हुई थीं। +

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *