उस्ताद प्यारेलाल वडाली का निधन, मौत ने तोड़ी वडाली ब्रदर्स की जोड़ी

सांस्कृतिक संगीत की दुनिया में अपनी अलग धमक रखने वाले वडाली ब्रदर्स की जोड़ी टूट गई है। उस्ताद पूरण चंद वडाली के छोटे भाई प्यारेलाल वडाली का पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार सुबह निधन हो गया। 75 वर्षीय प्यारेलाल ने अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। समाचार एजेंसी एएनआई के ट्वीट के मुताबिक उस्ताद प्यारेलाल की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। वह इस अस्पताल में गुरुवार से भर्ती थे। अमृतसर के वडाली ब्रदर्स अपने पंजाबी सूफी संगीत के लिए दुनिया भर में लोकप्रिय हैं।

दोनों ने अपने काम की शुरुआत जालंधर शहर के हरभल्ला मंदिर में परफॉर्म करने से की थी। उन्होंने काफियां, गजल और भजन जैसी कई अलग-अलग संगीत कलाओं में महारथ हासिल की थी। वडाली ब्रदर्स ने तनु वेड्स मनु और मौसम जैसी फिल्मों के लिए गाने गाए थे। बॉलीवुड में अपनी शुरुआत उन्होंने फिल्म पिंजर में अपने काम से की थी। उन्होंने लिरिक्स गायक और कंपोजर गुलजार के साथ काम किया। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक डिस्कवरी चैनल इन दोनों पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने की तैयारी कर रहा था। साल 1992 में दोनों भाईयों को संगीत नाटक एकेडमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

 

बता दें कि प्यारेलाल वडाली को गुरुवार रात करीब 11 बजे दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। प्यारेलाल वडाली के बड़े भाई पूरणचंद वडाली एक पहलवान भी हैं। वह पिछले 30 साल से संगीत के साथ-साथ पहलवानी भी कर रहे हैं। उनके गाने तू माने या ना माने दिलदारा और हीर आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *