ऋषिकेश: योगी आदित्‍यनाथ के पिता एम्‍स में भर्ती, लिवर में समस्‍या

इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता की अचानक तबियत खराब होने के बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का ऋषिकेश स्थित एम्स में इलाज चल रहा है। आनंद सिंह बिष्ट लिवर संबंधित बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके चलते उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। योगी के पिता उत्तराखंड के यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते हैं।

मार्च में भी हुई थी तबियत खराब: इसी साल मार्च के महीने में भी आनंद सिंह बिष्ट की तबियत काफी बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें जौलीग्रांट हिमालय हॉस्पीटल से दिल्ली स्थित एम्स में लाया गया था। 12 मार्च को आनंद सिंह बिष्ट को पौड़ी के एक हॉस्पिटल से ट्रांसफर कर जौलीग्रांट हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां भी उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ था जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दिल्ली ले जाने का फैसला लिया गया था। उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स लाया गया था। उस वक्त कहा गया था कि योगी के पिता गैस्ट्रो की समस्या से पीड़ित हैं।

फॉरेस्ट रेंजर रह चुके हैं आनंद सिंह बिष्ट: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड में ही फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे। सन् 1991 में रिटायर होने के बाद से वो अपने गांव में ही रहते हैं। आनंद सिंह बिष्ट ने सन्यास ले लिया था और सन्यास लेने के बाद उन्होंने अपना पता भी बदल लिया था। आनंद सिंह बिष्ट ने गोरखनाथ के मठ को ही अपना स्थायी निवास बना लिया था।

बेटे के सीएम बनने पर जताई थी खुशी: मार्च 2017 में जब योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम बने थे तो उस वक्त उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट ने इसपर काफी खुशी जाहिर की थी। आनंद सिंह बिष्ट ने कहा था कि योगी बचपन से ही प्रतिभाशाली थे और लोगों की सेवा करना चाहते थे। पंचूर गांव के राजपूत परिवार में जन्मे योगी आदित्यनाथ ने टिहरी के गजा के एक स्थानीय स्कूल में पढ़ाई शुरू की। स्कूल और कॉलेज सर्टिफिकेट में इनका नाम अजय सिंह नेगी है। गणित में एमएससी की पढ़ाई के दौरान अजय सिंह नेगी गोरखपुर आए थे। यहां गोरक्षनाथ पीठ के महंत अवैद्यनाथ के संपर्क में आने के बाद अजय सिंह नेगी पूर्ण सन्यासी बन गए। जिसके बाद उनका नाम योगी आदित्यनाथ हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *