एक हफ्ते में भाजपा ने खोया तीसरा विधायक, उत्तराखंड से एमएलए मगनलाल शाह का निधन

उत्तराखंड के भाजपा विधायक मगनलाल शाह का बीमारी के चलते निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। चमोली जिले की थराली विधानसभा सीट से विधायक शाह ने रविवार देर रात साढ़े 10 बजे देहरादून के निकट जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस अस्पताल में उन्हें सांस लेने में तकलीफ, फेफडों में संक्रमण और न्यूमोनिया के कारण गत 19 फरवरी को भर्ती कराया गया था। पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में शाह को थराली से भाजपा का टिकट मिला और वहां से निर्वाचित होकर वह पहली बार विधायक बने थे।

शाह के निधन का समाचार पाकर प्रदेश के राजनीतिक हलकों, खासतौर पर उनके निर्वाच क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने शाह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। शाह के निधन से 70—सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा के विधायकों की संख्या घटकर 56 हो गई है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने लखनऊ जा रहे भाजपा विधायक लोकेन्द्र सिंह और तीन लोगों की हाल ही में कमलापुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया था कि विधायक के वाहन चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर पर चढ़कर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टक्करा गया। सिंह (45) बिजनौर जिले के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। हादसे में उनके दो अंगरक्षक और ट्रक के खलासी की जान चली गई। अंगरक्षकों की पहचान दीपक कुमार और बृजेश मिश्र के रूप में की गई।

वहीं, राजस्थान में नाथद्वारा से भाजपा विधायक कल्याण सिंह चौहान का हाल ही में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे। भाजपा प्रवक्ता ने बताया था कि लंबे समय से बीमार चल रहे चौहान उदयपुर के अस्पताल में भर्ती थे। चौहान ने कांग्रेस के सी पी जोशी को विधानसभा चुनाव में एक वोट से हराया था। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी पी जोशी ने चौहान के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *