एशियन गेम्स में भारत को आठवां गोल्ड, जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने जीता सोना

एशियन गेम्स के नौवें दिन भारत को एक और स्वर्ण पदक मिला है। भारतीय टीम के ध्वजावाहक रहे नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन किया और भालाफेंक में देश को गोल्ड मेडल दिलाया है। नीरज ने अपनी सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.06 मीटर की फेंकी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। नीरज ने यह सोने का तमगा पांच में से दो प्रयासों में विफलता के बाद भी हासिल किया। रजत पदक जीतने वाले चीन के किझेन लियू 82.22 मीटर की थ्रो फेंक कर दूसरे स्थान पर तो वहीं पाकिस्तान के नदीम अरशद ने 80.75 की सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंक कांस्य पदक हासिल किया। वहीं लंबी दूरी की अनुभवी धाविका सुधा सिंह ने आज यहां एशियाई खेलों में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता जबकि धारूण अय्यासामी ने नये राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। सुधा ने नौ मिनट 40.03 सेकेंड का समय लिया और एशियाई खेलों में अपना दूसरा पदक जीता। बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 9:36.52 के समय के साथ स्वर्ण पदक जबकि वियतनाम की थी ओन नगुएन ने 9:43.83 का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया।

बत्तीस वर्षीय सुधा ने 2010 में 3000 मीटर स्टीपलचेज को एशियाई खेलों में शामिल करने पर स्वर्ण पदक जीता था। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 9:26.55 और सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9:39.59 है जो उन्होंने जून में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप के दौरान बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *