ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 50 छक्के मारने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने रोहित शर्मा

भारत के स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने गुरुवार को बैंगलुरु वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक नया इतिहास रच दिया। रोहित ने इस मैच में दो छक्के जड़ते ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में अपने 50 छक्के पूरे किए और ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए. रोहित ने जीत के लिए मिले 335 रन के टारगेट के जवाब में अजिंक्य रहाणे के साथ भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई और पैट कमिंस और केन रिचर्डसन की गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में अपना 50वां छक्का जड़ा। पिछले वनडे में ही रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। रोहित ने पिछले मैच में 4 छक्के जड़ते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने छक्कों की संख्या 65 पर पहुंचा दी थी।

रोहित ने इस मामले में न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकलम (61 छक्के) और भारत के सचिन तेंदुलकर (60 छक्के) को पीछे छोड़ा। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 50 छक्के जड़ने के अलावा अब तक टेस्ट में 12 और टी20 में 5 छक्के जड़े हैं। रोहित ने बेंगलुरु में ही 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में 158 गेंदों में 209 रन की जोरदार पारी खेलते हुए 16 छक्के जड़ते हुए एक वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड बनाया था।

रोहित वनडे में किसी एक टीम के खिलाफ 50 छक्के लगाने वाले अफरीदी और जयसूर्या के बाद दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। अफरीदी ने ये उपलब्धि तीन टीमों के खिलाफ हासिल की थी जबकि जयसूर्या ने भारत के खिलाफ 53 छक्के जड़े थे। अफरीदी ने सबसे ज्यादा 63 छक्के श्रीलंका के खिलाफ, 51 भारत और 50 छक्के न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़े। रोहित ने तीसरे वनडे में भी भारत की 5 विकेट से जीत में 62 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 71 रन की शानदार पारी खेली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *