कमलनाथ को कांग्रेस MLA ने पहनाए जूते, वायरल हुआ वीडियो तो देनी पड़ी सफाई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें पार्टी का एक विधायक कमलनाथ के जूतों का फीता बांधते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद सफाई देनी पड़ी है। फीता बांधने वाले कांग्रेस विधायक की पहचान रजनीश सिंह के तौर पर की गई है। दरअसल, कमलनाथ हिमाचल प्रदेश की पूर्व राज्यपाल और कांग्रेस नेता उर्मिला सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए सिवनी पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायक वरिष्ठ नेता के जूते बांधते दिखे। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस वाकये का वीडियो बना लिया था और बाद में इसे ऑनलाइन कर दिया गया था। मामला गरमाने पर कांग्रेस विधायक को सफाई पेश करनी पड़ी है। रजनीश सिंह ने कहा कि उन्होंने सम्मान जताने के लिए ऐसा किया। उन्होंने कहा, ‘कमलनाथ मेरे लिए पिता समान हैं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। मैं स्कूल के दिनों से ही उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेता रहा हूं। वह मेरे परिवार के बेहद करीबी हैं। खासकर मेरे पिता के साथ उनके नजदीकी संबंध हैं।’ उन्होंने बताया कि मीडिया के कारण लोगों में इसको लेकर गलतफहमी हुई है। रजनीश सिंह ने कहा, ‘इस घटना को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए था, क्योंकि कमलनाथ ने जब उर्मिला सिंह को श्रद्धांजलि दी थी, उस वक्त कमरे में बहुत से लोग मौजूद थे। भीड़ होने के कारण वह अपना जूता नहीं ढूंढ़ पा रहे थे, मैंने उसे ढूंढ़ कर उनके सामने रखने में मदद की थी। मीडिया ने इस मामले को बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया।’

कांग्रेस ने किया बचाव: एक विधायक द्वारा कमलनाथ को जूता पहनाने का वीडियो वायरल होने के बाद से कांग्रेस भी बैकफुट पर है। पार्टी ने इस पूरे मामले में पार्टी नेता का बचाव किया है। पार्टी ने कहा कि विधायक ने कमलनाथ के प्रति सम्मान जताने के लिए ऐसा किया। यह उनके द्वारा सम्मान जताने का तरीका था। वहीं, मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए तीखी आलोचना की है। बता दें कि प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस चुनाव प्रचार में जुटी हैं। ऐसे में इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा को कांग्रेस पर हमला बोलने का एक और मौका हाथ लग गया। हालांकि, कांग्रेस पार्टी इसे बड़ा मामला नहीं मान रही है। मालूम हो कि कांग्रेस मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। राज्य में वर्षों से भाजपा की सत्ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *