कर्नाटक: बीजेपी को झटका, विधायक की चुनावी रैली में दिल के दौरे से मौत

कर्नाटक चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक के जयनगर विधानसभा सीट से पार्टी के मौजूदा विधायक बीएन विजय कुमार का अचानक दिल का दौरा पड़ने से शुक्रवार (4मई) की सुबह निधन हो गया। विजय कुमार इस बार के कर्नाटक चुनाव में जयनगर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार भी थे। जानकारी के मुताबिक जयनगर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार (3 मई) को पार्टी की एक रैली आयोजित की गई थी। इस रैली में विजय कुमार भी मौजूद थे। रैली के दौरान ही उन्हें हार्ट अटैक आया। आनन-फानन में उन्हें जयदेव इंस्टीच्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन शुक्रवार की सुबह उनका निधन हो गया।

बीएन विजयकुमार के निधन पर पार्टी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि विजय कुमार की आकास्मिक मृत्यु पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी की तरफ से विधायक विजय कुमार और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की गई है। इधर कर्नाटक में भाजपा की तरफ से सीएम उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने भी विजय कुमार की मौत पर दुख जताया है। बीएस येदियुरप्पा ने ट्वीट कर कहा है कि जयनगर से विधायक और मेरे मित्र श्री बीएन विजय कुमार की मौत से मुझे गहरा आघात लगा है। हमलोग उनके आदर्शों पर चलने की कोशिश करेंगे।

वहीं राज्य के सीएम सिद्धरमैया ने भी भाजपा विधायक विजय कुमार की मौत पर खेद प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि विजय कुमार काफी तेज तर्रार और कठिन परिश्रम करने वाले नेता थे। उनके और उनके परिवार के प्रति मेरी पूरी संवेदना है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। आपको बता दें कि 59 साल के विजय कुमार जयनगर से दो बार विधायक रह चुके हैं। इसबार कर्नाटक के गृहमंत्री रामालिंगा रेड्डी की बेटी सौम्या रेड्डी उनके खिलाफ जयनगर से मैदान में थीं। कर्नाटक में इसी महीने की 12 तारीख को विधानसभा चुनाव होने हैं और 15 तारीख को चुनाव परिणाम आएंगे। इस बार कर्नाटक में बीजेपी, कांग्रेस और जेडी(एस) के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। तीनों ही पार्टियां कर्नाटक में जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। बीजेपी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ जैसे कई बड़े चेहरे इस प्रचार में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *