कर्नाटक: राहुल गांधी ने कहा- संविधान का मजाक बन गया, चिदंबरम बोले-मैं येदियुरप्पा होता तो…

Karnataka Election Results 2018 कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर चली लंबी खींचतान के बाद येदियुरप्पा कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। येदियुरप्पा ने गुरुवार (17 मई) को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। अगले 15 दिनों के अंदर अब येदियुरप्पा को विधानसभा के अंदर बहुमत साबित करना होगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि ‘बीजेपी संविधान का मजाक उड़ा रही है, वो कर्नाटक में बगैर बहुमत के सरकार बनानी चाहती है। इस सुबह जब भाजपा अपनी खोखली जीत का जश्न मना रही है, देश लोकतंत्र का मातम मना रहा है ‘।

इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को नसीहत दी है। पी चिंदबरम ने ट्वीट कर कहा कि ‘ गवर्नर को दिये गये ख़त में येदियुरप्पा की किस्मत बंद है। उस पत्र में 104 से ज्यादा विधायकों की संख्या का कोई जिक्र नहीं है। एक और ट्वीट में पी चिंदबरम ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट को सलाम करता हूं। अगर मैं येदियुरप्पा होता तो मैं शु्क्रवार की सुबह 10.30 बजे से पहले शपथ नहीं लेता।

आपको बता दें कि कर्नाटक में कौन बनेगा सीएम? इसके लेकर सस्पेंस खत्म हो चुका है। राज्यपाल वाजूभाई वाला ने बीएस येदियुरप्पा को सीएम पद की शपथ दिला दी है। हालांकि इस बीच कांग्रेस नेताओं ने इस शपथ समारोह का जबरदस्त विरोध किया है। गुलाब नबी आजाद समेत कई कांग्रेसी नेताओं और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीते हुए विधायकों ने कर्नाटक विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।

इससे पहले कर्नाटक में सरकार बनाने की यह लड़ाई सुप्रीम कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गई। शीर्ष अदालत में तीन जजों की पीठ ने सुनवाई करते हुए बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से रोकने से इनकार कर दिया। अदालत ने भाजपा से विधायकों की सूची सौंपने को कहा है। आपको बता दें कि 222 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा को 104 सीटें मिली हैं, तो वहीं कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 38 सीटें मिली हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस और जेडीएस ने गठबंधन कर सरकार बनाने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *