कांग्रेस का आरोप, भाजपा शासित गोवा की अर्थव्यवस्था चरमराई, 74 फीसदी बढ़ गया कर्ज

गोवा में विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तापक्ष भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने सोमवार (1, जनवरी 2017) को कहा कि गोवा में साल 2012 से भाजपा शासन के तहत सार्वजनिक ऋण में 74.88 फीसदी की वृद्धि हुई है। यह इस बात का संकेत है कि अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण का उल्लेख करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शांताराम नाइक ने कहा कि गोवा ‘कर्ज के जाल’ में फंस गया है। राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण हाल में जारी किया गया था।

उन्होंने एक वक्तव्य में कहा, ‘गोवा का सार्वजनिक कर्ज 31 मार्च 2017 तक 12,018.96 करोड़ रुपए हो गया जो एक साल पहले तक 10,945.38 करोड़ रुपये था।’ वक्तव्य में आगे कहा गया है कि भाजपा सरकार के तहत सार्वजनिक ऋण में 74.88 फीसदी की वृद्धि हुई है। साल 2012 में सार्वजनिक ऋण 6872.36 करोड़ रुपए था जो अर्थव्यवस्था चरमराने का संकेत देता है।

नाइक ने कहा कि भाजपा के शासन के तहत राजकोषीय घाटा बढ़ रहा है। साल 2012-13 में राजकोषीय घाटा 1137.36 करोड़ रुपए था जो साल 2016-17 में बढ़कर 2001.83 करोड़ रुपए हो गया। नाइक ने कहा, ‘ये सभी कारक इस बात का संकेत देते हैं कि गोवा कर्ज के जाल में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *