केंद्रीय विज्ञान मंत्री हर्षवर्धन का दावा- वेदों को आइंस्टीन की थ्योरी से बेहतर मानते थे वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार (16 मार्च, 2018) को दावा किया कि सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि वेदों में निहित सूत्र अल्बर्ट आइंस्टीन के E=mc2 सिद्धांत से भी बेहतर हैं। हॉकिंग का इस सप्ताह निधन हो गया था। यहां 105वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस को संबोधित करते हुए वर्धन ने यह बात कही। हालांकि उन्होंने इस सूचना के स्रोत से जुड़े सवालों को टाल दिया। वर्धन ने अपने भाषण में कहा, ‘हमने हाल में एक प्रख्यात वैज्ञानिक और ब्रह्मांड विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग को खो दिया। उन्होंने ऑन रिकार्ड जोर देकर यह बात कही थी कि वेदों में दर्ज सिद्धांत आइंस्टीन के E=mc2 सिद्धांत से भी बेहतर हो सकते हैं।’ वर्धन के भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला और मुख्यमंत्री एन वीरेन सिंह मंच पर उपस्थित थे।

इस दावे को पुष्ट करने के लिए स्रोत का खुलासा करने के बारे में कहे जाने पर वर्धन ने संवाददाताओं से कहा, ‘आप स्रोत तलाशिए। उन्होंने ऑन रिकॉर्ड यह बात कही थी कि वेदों में आइंस्टीन के सूत्र से बेहतर सिद्धांत होने की संभावना है। आप भी इस दिशा( स्रोत का पता लगाने की) में थोड़ा काम कीजिए।’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अगर वे अपने शोध में विफल रहते हैं तो उनसे दिल्ली में संपर्क कर सकते हैं। वर्धन ने ट्विटर पर भी अपने बयान का बचाव करते हुए लिखा, ‘हिन्दुत्व का हर रीति- रिवाज विज्ञान से जुड़ा हुआ है। हर आधुनिक भारतीय उपलब्धि हमारी प्राचीन वैज्ञानिक उपलब्धि को आगे बढ़ाती है। यहां तक कि स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि हमारे वेदों में निहित सूत्र आइंस्टीन के E=mc2 सिद्धांत से बेहतर हैं।’

स्टीफन हॉकिंग और वेद के बारे में सर्च इंजन वेबसाइट‘ गूगल’ पर सर्च किए जाने पर कई लिंक सामने आते हैं, जिनमें से एक ऐसा ही दावा करता है। यह साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रीज रिसर्च ऑर्गनाइजेशन द्वारा होस्ट किए जाने वाली वेबसाइट है जो वेदों से संबंधित है। आइंस्टीन के सापेक्षता के सिद्धांत का आधुनिक भौतिक विज्ञान में उल्लेखनीय योगदान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *