केंद्र व प्रदेश की तरह नगरों में भी भाजपा की सरकार बनवाएं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगरों की जनता का आह्वान किया कि वह केंद्र, प्रदेश की तरह नगरों में भी भाजपा की सरकार बनवाएं जिस से नगरों का विकास रफ्तार पकड़ सके। शुक्रवार को अपराह्न जिला मुख्यालय के लंका मैदान में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बसपा और सपा की सरकारों ने नगरों का विकास एकदम रोक दिया था। उन्होंने गाजीपुर नगर पालिका का उदाहरण देते कहा कि सपा वालों ने यहां के पालिका अध्यक्ष को काम ही नहीं करने दिया। बराबर काम में अड़ंगा लगाते रहे।

उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं के कब्जे की जमीन को मुक्त करा कर गरीबों में बांटा जाएगा। उन्होंने किसानों की चर्चा करते कहा कि किसान बीते 15 सालों से तबाह था। उनकी सरकार ने आते ही अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीति का अनुसरण करते उनका कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की योजना को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजना के अनुसार सभी का विकास किया जाएगा। तुष्टिकरण की नीति का बहिष्कार होगा। बिना भेदभाव कि उनकी सरकार काम कर रही है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के गरीबों को मकान दिया जा रहा है। बिजली से वंचित गांव को बिजली दी जा रही है। सभी जिलों को बिजली दी जा रही है। नगरी क्षेत्र के लोगों को शीघ्र ही घर बैठे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र मिलेगा। उन्हें विभाग का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति को अपराधियों से मुक्त करने का काम होगा। पिछली सरकार में नौकरी देने के नाम पर इतना भ्रष्टाचार किया गया कि बार-बार हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट रोक लगा रहा है। उनकी सरकार पूरी पारदशिर्ता के साथ नौजवानों को नौकरी देने का काम कर रही है। उन्होंने गाजीपुर में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशियों और पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। समारोह में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भी भाषण दिया। विधायक डॉ. संगीता बलवंत, सुनीता सिंह व अलका राय ने भी संबोधित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *