केजरीवाल का एलान- मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली से बाहर विस्तार की अपनी योजना को अमली जामा पहनाने की कवायद तेज कर दी है। गुजरात में चुनिंदा सीटों पर चुनाव लड़ रही आप ने अब मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद ही यह घोषणा की है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय के पार्टी पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि रविवार को पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित शंखनाद रैली में केजरीवाल ने सूबे में चुनाव लड़ने का एलान किया। रैली में केजरीवाल के संबोधन से शंखनाद किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश की जनता शिवराज शासन से इतनी दुखी है कि यह कष्ट कुछ भी नहीं। यह सबूत है कि परिवर्तन जरूर आएगा। इस रैली में हिस्सा लेने दिल्ली से कई नेता केजरीवाल के साथ मध्य प्रदेश गए थे। इनमें मध्य प्रदेश के प्रभारी गोपाल राय व विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी सहित कई नेता शामिल थे।

पार्टी नेताओं का कहना है कि मध्य प्रदेश में किसानों की हालत बेहद दयनीय है। मंदसौर में पिछले दिनों किसानों पर हुई गोलीबारी और उसमें करीब आधा दर्जन किसानों की मौत के बाद से सरकार को लेकर किसानों में गुस्सा है। इसको देखते हुए आप की मध्य प्रदेश इकाई किसानों को गोलबंद करने में भी जुटी हुई है। जाहिर है कि आने वाले दिनों में आप किसानों के इस मसले को व्यापक तौर पर उठाएगी। दूसरी ओर व्यापमं घोटाले के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाया जाएगा। खुद केजरीवाल अपनी शंखनाद रैली में इस मुद्दे पर शिवराज सरकार पर हमला बोला।

दिलचस्प यह है कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी पर लगातार यह हमला कर रही है कि वह हर राज्य में कांग्रेस का वोट काटने के लिए चुनाव लड़ने जा रही है ताकि भाजपा को फायदा पहुंच सके। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन बार-बार यह आरोप लगा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी की भाजपा से सांठगांठ है और उसका एकमात्र मकसद कांग्रेस के वोट का बंटवारा कराना है ताकि किसी प्रकार भाजपा जीत जाए। उन्होंने एक सवाल किया कि गुजरात में आप ने जिन उम्मीदवारों की घोषणा की है उनमें आधे से ज्यादा एक खास जाति के ही क्यों हैं। इसकी वजह यह है कि इस जाति विशेष की बहुलता वाली सीटों पर भाजपा की हालत खराब है और आम आदमी पार्टी वहां पर भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहती है। हालांकि आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *