केरल: भीड़ ने पहले बांधकर सेल्फी खिंचवाई, फिर पीटकर मार डाला

केरल के पलक्कड़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। भीड़ ने यहां एक शख्स को पहले पेड़ से बांधा। इसके बाद उसके साथ सेल्फी ली। फिर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के कारण घायल हो गए उस शख्स ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि लोगों ने उसकी इतनी पिटाई इसलिए की, क्योंकि उनका आरोप था कि शख्स आसपास की दुकानों में जाकर चोरी करता था। लेकिन अभी यह तय होना बाकी है कि वे गिरफ्तार किए जाएंगे या फिर उन पर मुकदमे चलेंगे। पुलिस ने मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनु के रूप में की है। वह पास के ही जंगल में रहता था। कहा जा रहा है कि उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं थी।

गुरुवार को भीड़ जब उसे पीट रही थी, तब कुछ लोग इस दौरान उसे बचाने के बजाय उसके साथ सेल्फी लेने में जुटे थे। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने तभी पुलिस को इस बारे में जानकारी दे दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे अपने साथ ले जाने लगी। रास्ते में पुलिस की गाड़ी में मनु ने उल्टी की और फिर अचानक बेहोश हो गया। तकरीबन शाम पांच बजे उसे अस्पताल ले जाया जा सका, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस इस मामले में हत्या का मामला दर्ज करने से पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। बता दें कि बीते कुछ हफ्तों में यह भीड़ के द्वारा किया गया तीसरा हमला है। पल्लीपुरम में पिछले महीने भी एक मानसिक तौर पर अस्वस्थ एक महिला की तीन महिलाओं ने मिल कर पिटाई कर दी थी। सोशल मीडिया पर उस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *