केरल में कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या मामले में सीपीएम के दो कार्यकर्ताओं ने किया आत्मसमर्पण

केरल में कन्नूर जिले के मत्तानूर इलाके में युवा कांग्रेस नेता सुहैब की हाल में की गई हत्या के सिलसिले में माकपा के दो कार्यकर्ताओं ने आज यहां आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बताया कि आकाश और रिजीन माकपा के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मत्तानूर के नजदीक मलूर थाने गए और अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया। कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ता की हत्या पर 13 फरवरी को सत्ताधारी माकपा पर तीखा हमला किया था। इसके अलावा कन्नूर में कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व लोकसभा सदस्य के. सुधाकरन ने कल से कलेक्ट्रेट के सामने 48 घंटे के अनशन का ऐलान किया था। उनका यह धरना कातिलों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर था। इन सबके बाद माकपा के दो कार्यकर्ताओं ने यहां पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।

ज्ञात हो कि पिछले दिनों कांग्रेस के 29 वर्षीय युवा कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्य कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक चार हमलावरों ने सुहैब तथा पार्टी के दो अन्य सदस्यों पर पहले देसी बम फेंककर और फिर बाद में धारदार हथियार से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सुहैब को थालचेरी के इंदिरा गांधी को-ऑपरेटिव अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी। कांग्रेस पार्टी ने इस हत्या के लिए सत्ताधारी सीपीएम पार्टी को जिम्मेदार बताया था और इसके खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान भी किया था।

गौरतलब है कि केरल की राजनीति में देषवश हत्याओं का सिलसिला बहुत पुराना है। राज्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सत्ताधारी माकपा एक दूसरे पर अपने कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाती रही हैं लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पर इस तरह के हमले की यह हाल के दिनों में पहली वारदात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *