केरोसिन लेकर पहुंची महिला, बोली- विधायक ने कहा था कलेक्‍टर के सामने आग लगा लेना

मध्य प्रदेश के इंदौर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हैरान करने वाली घटना हुई। जब एक महिला केरोसिन और माचिस लेकर पहुंच गई। संयोग ठीक रहा कि सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड्स की नजर पड़ गई और उन्होंने मिट्टी का तेल और माचिस कब्जे में ले लिया। पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाला दावा किया। उसने कहा कि स्थानीय विधायक ऊषा ठाकुर ने इसके लिए उकसाया था। उन्होंने समस्या दूर करने की जगह कहा था कि कलेक्ट्रेट में कलेक्टर के सामने आग लगा लेना तो सुनवाई हो जाएगी।घटना के बाद अपर कलेक्टर कैलाश वानखेड़े ने कहा कि महिला की शिकायत दूर करने की कार्रवाई की जाएगी।

रामबाग निवासी लीलाबाई ने बताया कि उनके घर के सामने रास्ता बंद है। बिजली-पानी की भी सुविधा मयस्सर नहीं है। कई बार उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई मगर नतीजा ढाक के तीन पात रहा। महिला ने बताया कि जब वह विधायक के पास पहुंची तो उन्होंने कहा था कि मिट्टी तेल शरीर पर डालकर आग लगा लेना तो कलेक्टर साहब सुनवाई करेंगे।

उधर इस घटना में अपने ऊपर लगे आरोपों पर बीजेपी विधायक ऊषा ठाकुर ने सफाई देते हुए इसे कांग्रेस की साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेसियों ने महिला को यह सब बातें सिखाईं थीं। ताकि उन्हें फंसाया जा सके। जब मेरी पार्टी की सरकार है तो हर समस्या निराकरण करा सकती हूं, किसी को आग लगाने की सलाह क्यों दूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *