गजबः भूख लगने पर कर्मचारी तीन मिनट पहले लंच करने गया, कंपनी ने काटी सैलरी

जापान में अजीब वजह से एक शख्स की सैलरी काट ली गई है। शख्स की ना सिर्फ सैलरी काटी गई बल्कि काम के समय में अपनी डेस्क छोड़ने पर उसे सीनियर्स ने फटकार भी लगाई। शख्स की गलती इतनी थी कि वह भूख लगने पर तीन मिनट पहले लंच करने चला गया। खास बात यह है कि पीड़ित शख्स सरकारी कर्मचारी हैं, जो कोब के पश्चिमी शहर में वॉटरवर्क ब्यूरो में अधिकारी हैं। सिटी प्रवक्ता के मुताबिक वॉटरवर्क ब्यूरो के कर्मचारी ने सात महीने में 26 बार तय समय से पहले लंच किया। प्रवक्ता ने एएफपी को बताया कि लंच टाइम एक बजे शुरू होता है, लेकिन कर्मचारी तय समय से पहले ही लंच करने चले गए।

64 वर्षीय कर्मचारी की सजा के तौर पर आधे दिन की सैलरी काटी गई है। हालांकि बाद में वॉटरवर्क ब्यूरो प्रमुख ने मामले में अपनी गलती स्वीकारते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस कदम के लिए माफी मांगी। एक अन्य ब्यूरो अधिकारी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि हमें खेद है और उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ। इसके लिए हम माफी मांगते हैं। ब्यूरो के मुताबिक कर्मचारी ने पब्लिक सर्विस लॉ का उल्लंघन किया था, जिसमें कहा गया है कि अधिकारियों को अपनी नौकरियों पर ध्यान देना होगा। बता दें कि तीन मिनट पहले खाना खाने की वजह से सैलरी कटने की खबर जापानी सोशल मीडिया में भी तेजी से फेल गई। सैकड़ों लोगों ने कर्मचारी का बचाव किया।

ट्विटर पर एक यूजर कमेंट कर लिखते हैं, ‘यह सरासर पागलपन है। पागलपन है। सिगरेट पीने के लिए डेस्क छोड़ने पर क्या कहेंगे?’ एक अन्य यूजर लिखते हैं, ‘क्या यह बुरा जोक हैं? क्या इसका मतलब यह है कि हम बाथरूम में भी नहीं जा सकते?’ बता दें कि इसी शहर में फरवरी में एक अन्य कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया था। क्योंकि वह बाजार से खाना खरीदने के लिए लंच टाइम से पहले बाहर चला जाता था। रिपोर्ट के मुताबिक कर्मचारी छह महीने में 55 घंटे ऑफिस से बाहर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *