गर्लफ्रेंड के ल‍िए खोलना चाहता था एयरलाइंस, व‍िमान में बम होने की पर्ची रख पहुंचा जेल

मुंबई से दिल्ली जा रहे विमान में बम होने की पर्ची चिपकाने के मामले में गिरफ्तार किए गए बिरजू सल्ला ने जांच एजेंसियों को चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं। अपनी हरकत से पूरे देश में कुछ देर के लिए तनाव पैदा कर देने वाले बिरजू ने अहमदाबाद की अपराध शाखा को बताया है कि वो अपने प्रेमिका के लिए एक एयरलाइंस खोलना चाहता था। उसने अपनी एयरलाइंस के लिए “रॉयल एयरलाइंस” नाम भी सोच लिया बिरजू की प्रेमिका जेट एयरवेज के ग्राउंड स्टाफ के तौर पर काम करती है। वो चाहती है कि दिल्ली में काम करने वाली उसकी प्रेमिका मुंबई आकर उसकी भावी एयरलाइंस को अमली जामा पहनाए। आपको बता दें कि 37 वर्षीय बिरजू आभूषण कारोबारी है और अरबपति है।

मुंबई से उड़ान भरने वाली 9W339 फ्लाइट के टॉयलेट में क्रू मेंबर्स को एक ‘हाईजैक की धमकी’ वाला एक नोट मिला था। टॉयलेट में मिले नोट में लिखा था, “9W339 विमान को हाईजैकर्स द्वारा कवर कर लिया गया है। इसकी लैंडिंग नहीं होनी चाहिए और इसे सीधे पीओके ले जाना चाहिए। इसे मजाक समझने की भूल मत करना। विमान में विस्फोटक है, अगर विमान दिल्ली में लैंड करता है तो विस्फोट हो जाएगा, अल्लाह महान है।” नोट के बारे में जैसे ही क्रू मेंबर्स ने पायलेट को जानकारी दी विमान को डायवर्ट कर दिया गया। विमान को  अहमदाबाद एयरपोर्ट में लैंड कराया गया, सभी यात्रियों को विमान सुरक्षित निकाल लिया गया। विमान में 115 यात्री और सात कर्मचारी सवार थे।

नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गणपति राजू ने उसी दिन जानकारी दी थी कि आरोपी को नो-फ्लाई लिस्ट में डाल दिया गया है और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार बिरजू एक सम्मानित कारोबारी परिवार से संबंध रखता है। टीओआई के अनुसार जुलाई 2016 में भी उसने मुंबई से राजकोट जाने वाले विमान में यात्रा के दौरान खाने में कॉकरोच होने की शिकायत की थी। तब भी उसकी मंशा अपनी गर्लफ्रेंड का ट्रांसफर कराना ही था। उस समय उसे दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत के साथ छोड़ दिया गया था।

बिरजू ने पुलिस को बताया कि जब उसके एक दोस्त ने उससे अपनी बेटी की शादी में दो चार्टेड विमान बुक कराने के लिए कहा तो उसने इसके लिए दुबई के एक कारोबारी से संपर्क किया। बिरजू ने 1.25 करोड़ रुपये में दो चार्टेड विमान किराए पर लिए थे। दुबई स्थित कारोबारी से मिलने के बाद ही उसे अपनी एयरलाइंस कंपनी शुरू करने का विचार आया। वो चाहता था कि उसकी एयरलाइंस की कमान उसकी प्रेमिका संभाले। बिरजू में मुंबई में अपने माता-पिता और पत्नी के साथ रहता है। उसके दो बच्चे भी हैं। शादीशुदा होने के बावजूद बिरजू ने दावा किया कि उसकी प्रेमिका दिल्ली में काम करती है।  उसे लगा कि बम की धमकी के बाद जेल एटयरवेज बंद हो जाएगा और उसकी प्रेमिका दिल्ली से मुंबई आने को मजबूर हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *