गुजरात में दल-बदल: कांग्रेस में गए दो भाजपाई तो बीजेपी ने भी तीन कांग्रेसियों को पार्टी में लिया

गुजरात में सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच जबरदस्त उठा-पटक की स्थिति देखने को मिल रही है। हाल ही में गुजरात के सौराष्ट्र से 2 वरिष्ठ भाजपा नेताओँ ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। अब पलटवार करते हुए मंगलवार को भाजपा ने कांग्रेस के तीन नेताओं को अपने साथ जोड़ लिया। बता दें कि गुजरात के बनासकांठा जिले के 3 बड़े कांग्रेस नेता असंतोष और विवाद के चलते अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल हुए नेताओं में बनासकांठा जिला पंचायत के पूर्व सदस्य बालकृष्ण जिराला, बनासकांठा जिला कांग्रेस महासचिव हरेश जोशी और बनासकांठा जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण पटेल ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। इन नेताओं के साथ इनके करीब 80 समर्थकों ने भी भाजपा महासचिव केसी पटेल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा में शामिल हुए तीनों नेताओं ने कांग्रेस नेताओं पर जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाए आपस में लड़ने का आरोप लगाया। तीनों नेताओँ ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में पूरा विश्वास है। बनासकांठा जिला पंचायत के पूर्व सदस्य बालकृष्ण जिराला ने कहा कि नरेंद्रभाई मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और नई ऊंचाईँयों को छू रहा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता आपस में लड़ने में ही व्यस्त हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों के वक्त से ही कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। इसका कारण पार्टी द्वारा दलित नेता जिग्नेश मेवाणी को वडगाम से समर्थन देना था।

वहीं कांग्रेस के 3 नेताओं द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, वो भाजपा की दी हुई स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के 2 वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है और यह भाजपा के लिए बड़ा झटका है। बता दें कि सौराष्ट्र से पूर्व भाजपा विधायक और ओबीसी नेता शामजी चौहान और राजकोट के पूर्व मेयर अशोक डागर ने मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। दोनों नेताओँ ने भाजपा सरकार पर ओबीसी समुदाय के लिए कुछ ना करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *