चारा घोटाला: लालू को 5 साल की सजा पर तेजस्‍वी बोले- BJP-RSS के लोग उतने दोषी नहीं, जितने नीतीश कुमार

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले के तीसरे मामले में रांची की सीबीआई कोर्ट ने पांच साल की सजा का ऐलान किया है। इसके अलावा लालू के ऊपर 10 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है। बुधवार सुबह सीबीआई कोर्ट ने लालू को चाईबासा मामले में दोषी करार दिया और दोपहर में सजा का ऐलान कर दिया। सीबीआई द्वारा आरजेडी प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने बीजेपी, आरएसएस और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भले ही अदालत ने लालू को दोषी माना हो, लेकिन बिहार की जनता आज भी लालू को ‘हीरो’ मानती है।

तेजस्वी ने यह भी कहा कि इस मामले में लालू को फंसाया गया है और वे इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायलय तक जाएंगे। तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार का पितामह बताते हुए कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ मिलकर लालू को फंसाया है। इन लोगों का ‘टारगेट’ लालू यादव हैं। नीतीश बिहार के विकास के लिए नहीं बल्कि लालू को कैसे सजा और दी जाए यह तय करने के लिए बार-बार दिल्ली जाते हैं।” उन्होंने स्पष्ट कहा, “लालू को फंसाने में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग उतने दोषी नहीं हैं, जितने नीतीश कुमार दोषी हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा लोकसभा के साथ ही बिहार विधानसभा का चुनाव भी 2018 के अंत में करा लेना चाहते हैं। इसी के लिए यह सब तैयारी चल रही है। तेजस्वी ने हालांकि यह भी कहा कि बिहार की जनता उनके साथ है। अदालत द्वारा लालू को दोषी करार दिए जाने के बाद यहां संवाददाताओं से चर्चा करते हुए तेजस्वी ने कहा, “हम इस मामले को आगे उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायलय लेकर जाएंगे।” वहीं आरजेडी नेता रघुवंश सिंह ने कहा कि वह अब हाईकोर्ट जाएंगे। उन्होंने इन सबके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार सीएम नीतीश कुमार का हाथ बताया। उन्होंने कहा कि यह सब लालू प्रसाद यादव के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया। बता दें कि आरजेडी चीफ को चारा घोटाले के दो केस में पहले ही सजा दी जा चुकी थी। तीसरे मामले में भी अब उन्हें सजा सुना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *