चुनावी मौसम में कांग्रेस समर्थक NGO के बुलावे पर गुजरात जा रहे यशवंत स‍िन्‍हा, हो सकती है BJP की क‍िरक‍िरी

गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा एक कांग्रेस समर्थित एनजीओ के बुलाए पर तीन दिन के गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। गुजरात में वे व्यापार और उद्योग जगत के लोगों से मुलाकात करके मौजूदा आर्थिक व्यवस्था पर चर्चा करेंगे। बता दें, हालही में सिन्हा ने नोटबंदी और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की थी। सिन्हा ने आरोप लगाया था कि मोदी सरकार से देश की अर्थव्यवस्था नहीं संभल रही है। ऐसे में चुनाव से पहले उनका गुजरात जाकर इस मुद्दे पर व्यापारियों और उद्योग जगत के लोगों से चर्चा करना भाजपा के लिए भारी पड़ सकता है। सिन्हा नवंबर के मध्य में गुजरात दौरे पर जाएंगे।

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट् के मुताबिक कांग्रेस समर्थित एनजीओ लोकशाही बचाओ अभियान के बुलावे पर यशवंत सिन्हा गुजरात जा रहे हैं। कांग्रेस गुजरात में नोटबंदी और देश की अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा शासित सरकार को घेरने की कोशिश में लगी हुई है। सिन्हा से पहले हालही में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने राजकोट के व्यापारियों के साथ जीएसटी पर चर्चा की थी। वहीं सिन्हा राजकोट, अहमदाबाद और सूरत व्यापारियों और उद्योग जगत के लोगों के साथ चर्चा करेंगे। सिन्हा 14 नवंबर को अहमदाबाद के ठाकोरभाई देसाई हॉल और 15 नवंबर को राजकोट के अरविंद मनियार हॉल और उसके अगले दिन सूरत में अपने विचार रखेंगे।

गौरतलब है यशवंत सिन्हा ने इंडियन एक्सप्रेस अखबार में लेख लिखकर नरेंद्र मोदी सरकारी की आर्थिक नीतियों, देश की अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति और अरुण जेटली की कड़ी आलोचना की थी। यशवंद सिन्हा के लेख के बाद उनके बेटे और नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री जयंत सिन्हा ने अपने पिता का नाम लिए बगैर एक अन्य अंग्रेजी अखबार में कहा था कि मोदी सरकार की आलोचना करने वालों को तथ्य नहीं पता है। वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यशवंत सिन्हा पर तंज कसा था कि वो 80 साल की उम्र में नौकरी खोज रहे हैं। वहीं सिन्हा ने पलटवार करते हुए कहा था कि अगर वो नौकरी की कतार में होते तो जेटली वहां नहीं होते जहां वो हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है। 182 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कई दिनों से अपने डेरा वहां डाले हुए हैं। राहुल गांधी भाजपा सरकार पर आक्रामक शैली में हमला कर रहे है। राहुल गांधी और कांग्रेस को गुजरात में लोगों का भी अच्छा खासा समर्थन मिल रहा है। गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव के नतीजे 18 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *