छत्तीसगढ़: सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में महिला नक्सली को किया ढेर, 5 लाख का था इनाम

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में पुलिस ने मुठभेड़ में एक इनामी महिला नक्सली को मार गिराया। राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के कोहका पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोंडाल पहाड़ी के करीब जिला पुलिस बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के संयुक्त दल ने मष्हिला नक्सली जरीना को मार गिराया। जरीना पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मानपुर क्षेत्र में संयुक्त दल गश्त के लिए गया था। दल जब कोंडाल पहाड़ी के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी।

दल की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी जिसमे जरीना मारी गयी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ओर से भारी गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। जरीना नक्सलियों के औंधी मोहला ज्वाइंट एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य थी।

पुलिस ने घटनास्थल से 12 बोर बंदूक और अन्य सामान बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जरीना नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर की निवासी थी। वह वर्ष 2005 से नक्सलियों के साथ जुड़ी थी। उसके खिलाफ पुलिस दल पर हमला समेत 16 अपराध दर्ज थे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। इस संबंध में अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले में पुलिस दल ने पिछले दो वर्ष में 18 नक्सलियों को मार गिराया है।

गौरतलब है कि 3 दिन पहले हुए नक्सली हमले में 2 बीएसएफ के जवान भी शहीद हुए थे। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के दो जवान शहीद हो गए थे जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

कांकेर पुलिस अधीक्षक के.एल ध्रुव ने कहा कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहल्ला कैंप की 114 बटालियन सीमा सुरक्षाबल के जवान गश्ती से लौट रहे थे कि घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने विस्फोट कर गोलीबारी शुरू कर दी। इस पर जवानों ने जवाबी गोलीबारी की। दोनो ओर से लगभग एक घंटे तक गोलीबारी हुई जिसमें सीमा सुरक्षाबल के दो जवान शहीद हो गए।  शहीद हुए जवान राजस्थान के लोकेंद्र सिंह और पंजाब के मुख्तियार सिंह हैं। इस घटना में घायल जवान संदीप को अस्पताल ले जाया गया है।
इस घटना के संबंध में एसपी ने कहा कि अतिरिक्त फोर्स मौके पर रवाना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *