टीवी संपादक बोले- मुसलमानों की रैली के चलते हमारी यात्रा को अनुमति नहीं दी, मुंबई पुलिस ने दिया जवाब

सुदर्शन टीवी के संपादक सुरेश चव्हाण ने मुंबई पुलिस पर आरोप लगाते हुए ट्वीट कर कहा है कि मुसलमानों की रैली के चलते उनकी रैली को अनुमति नहीं दी गई। इस पर मुंबई पुलिस ने भी जवाब दिया है। मुंबई पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि हमारे पास किसी तरह का लिखित आवेदन नहीं आया है। बता दें कि सुदर्शन टीवी के संपादक सुरेश चव्हाण ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि आजाद मैदान पर मुस्लिमों की रैली है, इसलिए भारत बचाओ यात्रा को दक्षिण मुंबई में नहीं ले जा सकते। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर मुंबई पुलिस का तर्क। हमारा कार्यक्रम पहले से तय था, तो उनको प्राथमिकता क्यों? क्या वह हमारी यात्रा पर हमला करेंगे और आप बचा नहीं पाएंगे? सुरेश चव्हाण ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को भी टैग किया।

इसके जवाब में मुंबई पुलिस ने भी आज ट्वीट कर सुरेश चव्हाण के आरोपों पर सफाई दी। मुंबई पुलिस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि आपने इस यात्रा के लिए हमारे पास किसी तरह का लिखित आवेदन नहीं किया है, इसलिए दक्षिण मुंबई में आपको रैली निकालने की अनुमति नहीं दी जा रही है। एक सप्ताह पहले आवेदन करना अनिवार्य है। किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से पहले नियमों की जानकारी आपको असुविधा से बचाती है, इस बात का ध्यान रखें। बता दें कि सुरेश चव्हाण जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर देशभर में भारत बचाओं रथ यात्रा निकाल रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *