ताजमहल पर किए विवादित पोस्ट को लेकर यूपी नव निर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी और उनके सहयोगी

ताजमहल को लेकर विवादित पोस्ट करने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ ने लखनऊ और आगरा पुलिस की मदद से राजधानी के माल एवेन्यू इलाके से उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी और उसके सहयोगी उपदेश राणा को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि अमित जानी के अपने फेसबुक अकाउंट पर ताजमहल की तस्वीर पर भगवा झंडा लगाकर पोस्ट की थी। इसके अलावा उसने ताजमहल को ‘मंदिर’ बताते हुए तीन नवंबर को बड़ी संख्या में लोगों से आगरा चलने की अपील की थी।

इस मामले में मेरठ निवासी अमित जानी और उपदेश राणा के खिलाफ आगरा में धार्मिक भावनाएं आहत करने और आईटी एक्ट की धारा के तहत आगरा के ताजगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। सोमवार को दोनों को आगरा पुलिस ने एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की मदद से लखनऊ के माल एवेन्यू में अमित जानी के घर से गिरफ्तार किया। दोनों को आगरा ले जाया गया है। अमित जानी व उपदेश राणा ने ही 23 अक्टूबर को ताजमहल के अंदर कई हिंदूवादियों के साथ ‘शिव चालीसा’ का पाठ किया था। जानी पहले भी विवादों में रहा है। वह बसपा प्रमुख मायावती की मूर्ति तोड़ने के आरोप में जेल भी जा चुका है।

आपको बता दें कि पिछले काफी समय से ताजमहल के नाम को लेकर बहस चल रही है। अभिनेता परेश रावल ताजमहल को लेकर चल रहे विवाद से खासा नाराज हैं इसलिए उन्होंने इस पूरे विवाद को बेकार करार दिया है। उनका कहना है कि प्यार के प्रतीक ताजमहल पर इस तरह का विवाद बहुत दुखद है। लोक सभा सासंद परेश रावल ने इस विवाद से खासा नाराज होते हुए ट्वीट किया, ‘प्रेम का प्रतीक ताजमहल नफरत का प्रतीक बन गया है!!! यह बेवकूफ वाला, अनावश्यक, दुखद और दयनीय विवाद है।’ परेश रावल के इस ट्वीट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। किसी ने उनके विचारों को सही बताया है तो किसी ने इससे असहमति जताई है। वहीं ताजमहल विवादों पर अपनी राय देते हुए हरियाणा के विज्ञान और तकनीकी मंत्री अनिल विज ने इस ऐतिहासिक स्मारक को एक खूबसूरत कब्रिस्तान बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *