तीसरे दिन भी यमुना खतरे के निशान के ऊपर, किनारों से लोगों को हटाया गया

यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है और सोमवार को तीसरे दिन भी यह खतरे के निशान के ऊपर बना रहा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को उन लोगों के आश्रय की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है जो अपने घरों में यमुना का पानी भर जाने के बाद सड़कों पर रहने को मजबूर हैं। विस्थापित हुए लोगों की मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने के शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया। इसी बीच, सोमवार दोपहर एक बजे तक हथिनीकुंड बैराज से 31,342 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया। वहीं, रविवार को रेल यातायात के लिए बंद किया गया लोहे का पुल सोमवार दोपहर को फिर से खोल दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली रेलवे पुल और पल्ला बैराज पर पानी का स्तर क्रम से 205.7 और 211.42 मीटर है। शनिवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद नदी के किनारे बसे कई लोगों को वहां से हटाया गया। अधिकारी ने बताया कि यमुना का पानी 206 मीटर तक पहुंच सकता है जबकि खतरे का निशान 204.83 मीटर पर है। दूसरी ओर पुराने यमुना पुल (लोहे का पुल) पर सोमवार दोपहर से रेल यातायात फिर से बहाल कर दिया गया। उत्तर रेलवे ने दोपहर एक बजे के लगभग एक बयान जारी कर तत्काल प्रभाव से सामान्य रेल यातायात फिर से शुरू होने की बात कही। रेलवे ने बयान में कहा है कि पूर्व में यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण यमुना के पुराने पुल (लोहा पुल) पर रेल यातायात अस्थायी रूप से निलंबित करने की अधिसूचना जारी की गई थी, जिसे तत्काल प्रभाव से फिर से बहाल कर दिया गया है। यह सड़क व रेल पुल दिल्ली-हावड़ा लाइन पर स्थित है, जिसका निर्माण 150 साल पहले किया गया था। दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच यह एक प्रमुख संपर्क सेतु के रूप में काम करता है।

दिल्ली सरकार ने यमुना की स्थिति की निगरानी के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष और चौबीस घंटे का एक आपात अभियान केंद्र स्थापित किया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को अक्षरधाम और पांडव नगर सहित शहर के निचले इलाकों से लोगों को निकालने के लिए चल रहे अभियान का जायजा लिया था और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की थी। किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष को 1077 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रभारी मंत्री कैलाश गहलोत को अधिकारियों के साथ मौके का दौरा करने और उचित इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। -अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *