त्रिपुरा में मिली जीत के बाद बीजेपी के मंत्री का तंज- बांग्लादेश जा सकते हैं माणिक सरकार

पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की जीत के सूत्रधार हेमंत बिस्वा सरमा ने त्रिपुरा में भाजपा द्वारा वामपंथियों को जबरदस्त तरीके से हराने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मानिक सरकार पर तीखा प्रहार किया है। असम सरकार में मंत्री और भाजपा नेता हेमंत बिस्वा सरमा ने मानिक सरकार पर तंज कसते हुए सलाह दी कि अब वह केरल, पश्चिम बंगाल या बांग्लादेश जा सकते हैं। मीडिया से बात करते हुए हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मानिक सरकार के पास अब सिर्फ 3 ऑप्शन हैं। वो या तो अब पश्चिम बंगाल जा सकते हैं, जहां अभी भी मार्क्सवादी पार्टी की कुछ मौजूदगी है। वह केरल भी जा सकते हैं, जहां उनकी पार्टी अभी भी सत्ता में है और अभी 3 सालों तक और सत्ता में बनी रहेगी। या फिर वह पड़ोसी देश बांग्लादेश भी जा सकते हैं। बता दें कि इससे पहले भी भाजपा नेता ने मानिक सरकार को लेकर एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि त्रिपुरा में विधानसभा चुनावों के बाद मानिक सरकार को बांग्लादेश भेजा जाएगा।

हेमंत बिस्वा सरमा इस दौरान किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं दिखाई दिए। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच तुलना करते हुए सरमा ने राहुल गांधी की राजनैतिक क्षमता पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि अमित शाह जहां राजनीति में पोस्ट ग्रेजुएट के छात्र हैं, वहीं राहुल गांधी अभी भी नर्सरी में ही पढ़ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हेमंत बिस्वा सरमा करीब 2 दशकों तक कांग्रेस में रहे हैं। सरमा असम में तरुण गोगोई सरकार में 15 सालों तक मंत्री भी रहे हैं। लेकिन साल 2015 में सरमा कांग्रेस से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

हेमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कोई गंभीर राजनेता नहीं हैं। जब असम में कांग्रेस सरकार राहुल गांधी के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे पर बातचीत करने गए थे उस वक्त वह अपने कुत्ते को खाना खिलाने में व्यस्त थे। सरमा फिलहाल असम की सर्वानंद सोनवाल सरकार में शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री हैं और इससे पहले भी कई बार राहुल गांधी पर निशाना साध चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *