‘दिखाओ स्कर्ट के नीचे क्या है’, बीच सड़क मॉडल को छेड़ने वाले हुए गिरफ्तार

इंदौर में मॉडल के साथ कथित तौर पर छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने बुधवार (25 अप्रैल, 2018) को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 22 अप्रैल के दिन आरोपियों ने स्कूटी पर जा रही मॉडल से छेड़छाड़ की। उनकी स्कर्ट उठाने की कोशिश की। स्थानीय खबर के मुताबिक, आरोपियों ने व्यस्त सड़क पर मॉडल से यहां तक कह डाला, “दिखाओ स्कर्ट के नीचे क्या है।” रिपोर्ट के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़े गए आरोपी स्थानीय रेडीमेड गारमेंट की दुकान में काम करते हैं। दरअसल, पीड़िता ने सोशल मीडिया में मदद की गुहार लगाई थी। फेसबुक पर एक के एक बाद कई पोस्ट के जरिए पीड़िता ने बताया कि उनके साथ अमानवीय बर्ताव हुआ। पोस्ट में पीड़िता ने एक तस्वीर भी शेयर की जिसमें उनके पांव पर चोट के निशान थे।

पीड़िता ने पोस्ट में आरोप लगाया कि दो बाइक सवारों ने उनके साथ बुरी तरह छेड़छाड़ की। उन्होंने कहा कि स्कर्ट के नीचे क्या है, दिखाओ। हालांकि, जब पीड़िता ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उनकी एक्टिवा का नियंत्रण बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं। इस दौरान उनके शरीर के कई हिस्सों में भी चोट आईं। बाद में सोशल मीडिया में पोस्ट वायरल होने के बाद सैकड़ों लोग पीड़िता के समर्थन में आए और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला इतना बढ़ गया कि राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “मैं आपकी हिम्मत की सराहना करता हूं। मैं और पूरा प्रशासन आपकी मदद के लिए प्रतिबद्ध है। हम आरोपियों को तलाश कर जल्द से जल्द आपको न्याद दिलाएंगे। आप उन्हें पहचानने के लिए पुलिस की हर संभव मदद करें।” सीएम के हस्तक्षेप के बाद इंदौर के डीआईजी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *