दिल्ली से उड़े प्लेन को हाईजैक कर ले गये थे पाकिस्तान: कोर्ट ने आरोपियों को किया बरी

दिल्ली की एक अदालत ने 36 साल पुराने साल 1981 में हाईजैक हुए एयर इंडिया प्लेन के मामले में 2 आरोपियों को बरी कर दिया है। सेशन जज अजय पांडे की अदालत के इस फैसले से प्लेन हाईजैक के आरोपी और दल खालसा के कार्यकर्ताओं तजिंदर पाल सिंह और सतनाम सिंह को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि साल 1981 में 5 लोगों द्वारा एयर इंडिया के एक प्लेन को नई दिल्ली से हाईजैक कर अमृतसर के रास्ते पहले श्रीनगर ले जाया गया और फिर प्लेन को पाकिस्तान के लाहौर में उतारा गया था। जहां हाइजैकर्स को पाकिस्तानी सुरक्षाबलों द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनायी थी। इस मामले में पाकिस्तान ने दो आरोपियों तजिंदर पाल सिंह और सतनाम सिंह का साल 2000 में भारत प्रत्यर्पण कर दिया था।

अदालत द्वारा दोनों के खिलाफ लगे राष्ट्रद्रोह के आरोप हटा लिए गए थे और दोनों को राज्य के खिलाफ युद्ध छड़ने का आरोपी बनाया गया था। इसके बाद दोनों आरोपियों ने सेशन कोर्ट में अपील कर रिहा किए जाने की अपील की थी। आरोपियों की वकील मनीषा भंडारी ने अदालत में कहा कि दोनों आरोपी प्लेन हाईजैक की सजा पहले ही काट चुके हैं और इस आधार पर उन्हें अब रिहा कर दिया जाना चाहिए। दोनों तरफ की दलील सुनने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को बरी करने का फैसला सुनाया।

उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर, 1981 को घटी इस प्लेन हाईजैक की घटना को 5 सिख अलगाववादियों द्वारा अंजाम दिया गया था। प्लेन हाईजैकर्स की मांग थी कि तत्कालीन दमदमी टकसाल के प्रमुख संत जरनैल सिंह भिंडरावाला की रिहाई की मांग की गई थी। दरअसल प्लेन हाईजैक की घटना से सिर्फ 9 दिन पहले ही जरनैल सिंह भिंडरावाला को एक एडीटर के कत्ल के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि प्लेन हाईजैक के एक आरोपी सतनाम सिंह ने साल 1995 में पाकिस्तान में सजा पूरी होने के बाद अमेरिका में नागरिकता पाने की कोशिश की थी। हालांकि अमेरिका के इंकार के बाद साल 1999 में सतनाम सिंह को भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया था। इसी तरह दूसरे आरोपी तजिंदर सिंह ने कनाडा में नागरिकता पाने के लिए आवेदन दिया था, जहां से निराशा हाथ लगने के बाद उसे साल 1998 में भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया था। इस मामले के अन्य आरोपी गजिंदर सिंह भी विदेश में कहीं प्रवास लिए हुए हैं। वहीं अन्य आरोपी करन सिंह, जसबीर सिंह चीमा इन दिनों स्विटजरलैंड में रह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *