दीपिका पादुकोण की शिकायत पर एक्शन में सूरत पुलिस, ‘पद्मावती’ रंगोली नष्ट करने पर करनी सेना और VHP के सदस्य गिरफ्तार

विवादों में रही फिल्म पद्मावती की थीम पर बनाये गये एक रंगोली को कथित रूप से नष्ट करने पर सूरत पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में चार करनी सेना और एक विश्व हिन्दू परिषद का सदस्य शामिल है।  पुलिस ने 16 अक्टूबर को सूरत के एक मॉल में आर्टिस्ट करन के और राहुल राज द्वारा उमरा इलाके में बनाई गई एक रंगोली को नष्ट करने पर FIR दर्ज की थी। पुलिस के पास सबूत के रूप में एक वीडियो मौजूद था जिसमें कुछ लोग रंगोली को नष्ट करने के बाद ‘जय श्री राम’ का नारा लगा रहे थे। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया। इस रंगोली में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को रानी पद्मावती दिखाया गया था। इस रंगोली को मिटा देने से दीपिका पादुकोण काफी नाराज हुईं थी। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा था कि ये अब बंद होना चाहिए, सख्त कार्रवाई की जरूरत है। दीपिका ने इस ट्वीट को केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी टैग किया था।

सूरत के पुलिस कमिश्नर ने मॉल के मालिक से अपील की है कि अगर ऐसी घटना दुबारा होती है तो उन्हें सामने आना चाहिए और केस दर्ज करवाना चाहिए। पुलिस कमिश्नर सतीश शर्मा ने कहा, ‘वीडियो में 8 से 10 लोग दिख रहे हैं हम बाकी लोगों को गिरफ्तार करेंगे।’ पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनकी पहचान हो चुकी है इनके नाम हैं विक्रम सिंह शेखावत, शंभू सिंह राठौड, नरेन्द्र चौधरी, शैलेन्द्र राजपूत और संजय सिंह गोहिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 141,149 (गलत तरीके से जुटना) 451 (जबर्दस्ती घुसना) और 427 (नुकसान पहुंचाना) लगाई है। बता दें कि संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित यह फिल्म शुरुआत से ही विवादों में है। करनी सेना का कहना है कि इस फिल्म में राजपूत इतिहास को तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया है।

रंगोली बनाने वाले कलाकार करण के ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि लगभग 100 लोगों की भीड़ जय श्री राम के नारे लगाते हुए आई और उनके दो दिनों की कड़ी मेहनत को तहस-नहस कर के चली गई। सोशल मीडिया पर भी करनी सेना के खिलाफ लोगों ने अपनी नाराजगी जताई थी। रंगोली को नष्ट करने के लिए इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *