दो दिन बाद मुंबई में होगी प्रियंका चोपड़ा की इंगेजमेंट पार्टी?

ग्लोबल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर निक जोनस सगाई की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। बीते दिनों ऐसी खबरें आईं थी कि प्रियंका के जन्मदिन (18 जुलाई) के मौके पर निक ने प्रपोज किया था। इसी खास दिन दोनों ने एक-दूसरे से अंगूठी भी बदल ली थी। हालांकि दोनों ही स्टार्स ने अभी तक सगाई की खबरों पर चुप्पी साध रखी है। लेकिन ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दो दिन के बाद यानी 18 अगस्त को पीसी और निक इंगेजमेंट पार्टी का आयोजन करने वाले हैं। इस पार्टी में कुछ करीबी दोस्त और परिवार के लोग भी शिरकत करेंगे।

माना जा रहा है कि इसी पार्टी में प्रियंका सिंगर निक के साथ सगाई की सार्वजनिक घोषणा भी करेंगी। शनिवार को होने वाली इस पार्टी में निक जोनस के परिवार के शामिल होने की भी चर्चा तेज है। बताया जाता है कि कपल ने एक साथ सगाई की पार्टी की प्लानिंग की थी। जबकि चोपड़ा परिवार के साथ मुंबई में चिल करने के लिए निक यूएस से उड़ान भरने के लिए तैयार हैं। डीएनए ने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में लिखा- ”36 वर्षीय एक्ट्रेस 18 अगस्त को एक पार्टी का आयोजन करने वाली हैं। पार्टी में कुछ करीबी दोस्तों के अलावा परिवार के लोग शामिल होंगे। इसी पार्टी में पीसी अपनी सगाई की भी ऑफिशियल अनाउंसमेंट करेंगी।” वहीं एक अन्य एंटरटेनमेंट पोर्टल ने अपनी रिपोर्ट में लिखा- ”चोपड़ा और जोनस परिवार एक साथ भारत में पार्टी करने जा रहे हैं। निक और उनका परिवार भी भारत प्रियंका से मिलने के लिए जा रहा है।”

अफवाहों ने तूल उस वक्त पड़ा जब प्रियंका चोपड़ा को फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के घर के बाहर स्पॉट किया गया। बीते दिनों प्रियंका डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की पार्टी का हिस्सा बनी थीं। पार्टी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर जब सामने आई तो उनमें प्रियंका अंगुली में अंगूठी पहने नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस रवीना टंडन ने भी पीसी के साथ अपने इंस्टा हैंडल से एक तस्वीर शेयर की है जिसमें प्रियंका की अंगुली में अंगूठी देखी जा सकती है। प्रियंका इन दिनों सोनाली बोस की फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ की शूटिंग में बिजी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *