दो दिन से गायब थे, पुलिस को मिला प्रेमी जोड़ा तो थाने में ही करा दी शादी

कहा जाता है कि किसी का घर बसाना बहुत ही पुण्य का काम होता है और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने ऐसे ही एक अच्छे काम को अंजाम दिया है। दरअसल, यूपी के बाराबंकी में पुलिसकर्मियों ने थाने में ही प्रेमी जोड़े की शादी करवाई है। यह मामला है बारांबकी के मोहम्मदपुर खाला थाने का, यहां पुलिस वालों ने दो प्यार करने वाले लोगों की शादी करवाई है। लड़का और लड़की दोनों के परिवार वाले इस प्रेम विवाह के विरोध में थे, जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी जोड़े की सहायता की।

विनय कुमार और नेहा वर्मा, दोनों पिछले कुछ समय से रिलेशनशिप में थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिवार इस शादी के खिलाफ थे। दोनों ने अपने परिवार को कई बार मनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन दोनों के ही परिवार के सदस्य नहीं माने। जब परिवार के सदस्य नहीं माने तब विनय और नेहा दोनों ही अपने-अपने घरों से भाग गए। दोनों के परिवार वालों ने अपने बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाने मोहम्मदपुर खाला थाने पहुंचे।

 

पुलिस ने दोनों परिवारों की बातें सुनकर मामले की छानबीन शुरू की और विनय और नेहा को भी खोजा। पुलिस ने पाया कि दोनों ही वयस्क हैं और अपनी मर्जी से एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। उसके बाद पुलिस ने थाने में ही दोनों की शादी की व्यवस्था की। दोनों के परिवार को भी इस बारे में जानकारी दी। एडिशनल सुपरिटेंडेंट दिगंबर कुशवाहा ने इस मामले में कहा, ‘लड़का और लड़की पिछले दो दिनों से गायब थे। दोनों के परिवार के सदस्य अपने बच्चों के लापता होने की शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन आए थे। छानबीन के बाद हमें पता चला कि दोनों ही वयस्क हैं और प्रेम विवाह करना चाहते हैं। शादी की व्यवस्था लड़का और लड़की के परिवारों की सहमति से की गई थी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *