धोनी के दौरे पर बढ़ा विवाद तो हिमाचल CM ने दी खुद सफाई, बोले- मेहमाननवाजी पर एक पैसा नहीं खर्च किया

कैप्टन कूल कहे जाने वाले पूर्व क्रिकेट महेंद्र सिंह धोनी को राज्य ​​अतिथि बनाने का मामला अब गर्म हो गया है। विपक्ष ने हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार को इस फैसले के लिए घेरना शुरू कर दिया है। अब सरकार ने इस मामले में अपनी सफाई पेश की है। सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस मामले में विधानसभा में सफाई पेश करनी पड़ी। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक एडशूट के सिलसिले में शिमला गए हैं।

बुधवार (29 अगस्त) को विधानसभा में देहरा सीट से विधायक होशियार सिंह ने ये मामला उठाया। इस चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में बयान दिया। उन्होंने कहा, ” धोनी 27 से 31 अगस्त के बीच पांच दिनों के लिए शिमला में हैं। राज्य सरकार ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई है।” मुख्यमंत्री ने अपने बयान में बताया कि धोनी एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए शिमला में हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि धोनी के ठहरने पर राज्य ने कोई राशि खर्च नहीं की है। राज्य सरकार ने सिर्फ उन्हें सुरक्षा प्रदान की है। ये उनके जैसे मशहूर हस्ती के लिए जरूरी भी है।”

वैसे बता दें कि पूर्व कप्तान धोनी शिमला में बैंक के विज्ञापन की शूटिंग के लिए गए हैं। उनके साथ मशहूर अभिनेता पंकज कपूर भी हैं। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी गई हैं। विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने इस मामले पर सवाल उठाया था। कांग्रेस ने कहा था कि देश के लिए नेशनल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैडल जीतने वाले कई खिलाड़ी हिमाचल में आते रहते हैं। लेकिन उन्हें सरकार स्टेट गेस्ट का दर्जा नहीं देती है। प्रदेश सरकार सिर्फ पैसे वाले मशहूर खिलाड़ियों को ही राज्य अतिथि का दर्जा दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *