निकायों को धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी: मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार निकायों के साथ बेहतर तालमेल कर राज्य में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र की जरुरतों के मुताबिक विकास के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजने चाहिए। निकायों को धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार की मंशा विकास के कामों को तेज कर लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना है। बरेली क्लब के मैदान में आयोजित नगर निगम के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस बात पर खुशी जताई कि यहां भाजपा का महापौर चुना गया है। उन्होंने कहा कि अब केंद्र और राज्य के अलावा यहां की स्थानीय सरकार भी भाजपा की होने से विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सिर्फ विकास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां का नगर निगम विकास की कसौटी पर खरा उतरकर एक आदर्श स्थापित करेगा। इस मौके पर केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्यमंत्री संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि 2014 मे शुरू हुआ सत्ता परिवर्तन का दौर राज्य से होते हुए अब नगर निगम तक पहुंचा है।

उन्होंने उम्मीद जताई की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के दिखाए विकास के रास्ते पर चलकर यहां के नवनिर्वाचित महापौर और सभासद जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का काम करेंगे। हालांकि नए महापौर के लिए चुनौतियां भी कम नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां के नगर निगम में 15 साल बाद भाजपा ने महापौर पद पर जीत हासिल की है। लोगों को भाजपा से बहुत उम्मीदें है।

उन्होंने कहा कि नए महापौर को केंद्र और राज्य का सहयोग लेकर जन आकांक्षाओं को पूरा करने का काम करना होगा। प्रदेश के वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश भर में विकास कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम से विकास के जो भी प्रस्ताव भेजें जाएंगे उनके लिए धन मुहैया कराया जाएगा। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष बीएल वर्मा ने कहा कि निगम में भाजपा की सत्ता होने पर विकास में तेजी आएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बरेली को जल्द स्मार्ट सिटी भी बनाया जाएगा।

शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित महापौर उमेश गौतम ने लोगों को भरोसा दिया कि वे अपने चुनावी वायदे के मुताबिक निगम बोर्ड की पहली बैठक में ही संपत्ति कर की दरों को कम करने का प्रस्ताव पारित कराकर शहर के लोगों को राहत देंगे। उन्होने कहा कि यहां की जनता पर कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और दूसरे बड़े शहरों से भी ज्यादा संपत्ति थोपे जाने से लोग परेशान रहे है। अब लोगों पर वाजिब टैक्स ही लगाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *