निधन के बाद पाकिस्तान में पहले नंबर पर ट्रेंड हुए दिवंगत अभिनेता शशि कपूर

अपने जमाने के मशहूर अभिनेता शशि कपूर का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली। शशि कपूर काफी समय से बीमार चल रहे थे। शशि कपूर के निधन की खबर जैसे ही सामने आई उनके फैंस सदमे में चले गए। लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने प्रिय अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया से शशि कपूर के फैंस के मैसेज सोशल मीडिया पर अपलोड होने लगे। हर कोई अपने तरीके से इस कलाकार को श्रद्धांजलि दे रहा था। भारत के बाहर पाकिस्तान में तो मंगलवार को शशि कपूर ट्विटर पर पहले नंबर पर ट्रेंड करने लगे। पाकिस्तान के लोगों ने भी शशि कपूर को निधन पर अपना शोक व्यक्त किया। वहां लोगों ने शशि कपूर के लिए इतने मैसेज किये कि देखते ही देखते शशि कपूर पहले नंबर पर ट्रेंड करने लगे। बकायदा कुछ पाकिस्तानियों ने तो शशि कपूर के ट्रेंड करने की बात भी सोशल मीडिया पर शेयर की।

पाकिस्तान में फिल्मी सितारों से लेकर आम आदमी तक ने शशि कपूर की मौत पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। भारतीय फिल्मों में काम कर चुके पाकिस्तानी कलाकार अली जफर ने बेहद भावनात्मक तरीके से शशि कपूर को याद किया। कांग्रेस नेता शशि थरूर के साथ अफेयर की खबरों को लेकर मशहूर हुईं पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार ने भी शशि कपूर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

आपको बता दें कि शशि की पहचान अपने दौर के हैंडसम एक्टर्स में होती थी। वो दिखने में जितने सुंदर थे अंदर से भी उतनी ही अच्छी शख्सियत थे। उन्होंने बाल कलाकार के तौर पर एक्टिंग की शुरुआत की थी, लेकिन यश चोपड़ा की धर्मपुत्र के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनके निधन के बाद फिल्म जगत की बहुत सी हस्तियां उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचे। मंगलवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ शशि कपूर का अंतिम संस्कार मुंबई में हुआ।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *