पंजाब नगर निगम चुनाव 2017: आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को कहा कि वह पंजाब में इस महीने के अंत में होनेवाले नगर निगम चुनाव में शामिल होगी और इसके साथ ही पार्टी ने 29 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। पंजाब आप के अध्यक्ष और संगरूर के सांसद भगवंत मान ने कहा कि पार्टी ने अपने चिन्ह के साथ नगर निगम चुनाव में उतरने का फैसला किया है, ताकि विभिन्न नगरपालिका क्षेत्रों में लोगों की स्थानीय समस्याओं को उजागर किया जा सके। आप पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल है। इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 20 सीटें जीती थी। राज्य के निर्वाचन आयुक्त जगपाल सिंह संधू ने गुरुवार को घोषणा की थी कि पंजाब के तीन नगर निगमों -अमृतसर, जालंधर और पटियाला- तथा 32 नगर परिषदों व नगर पंचायतों के चुनाव 17 दिसंबर को होंगे।

सत्ताधारी कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल तथा उसकी गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी राज्य में नगर निगम चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही हैं। पंजाब के तीन नगर निगमों अमृतसर, जालंधर और पटियाला तथा 32 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव 17 दिसंबर को होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त जगपाल सिंह संधू द्वारा गुरुवार (30 नवंबर) को घोषित चुनावी कार्यक्रम के साथ ही संबंधित निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के तहत आने वाले इलाकों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

संधू ने कहा कि परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगमों, परिषदों और नगर पंचायतों में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। पंजाब नगर निकाय चुनाव महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस के मार्च में राज्य में सत्ता संभालने के नौ महीने बाद ये चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 77 सीटें हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *