पाकिस्तान पर बरसे राजनाथ सिंह, बोले- मां का दूध नहीं पिया है कि कश्मीर को भारत से अलग कर दे

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह एक बार फिर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर जमकर बरसे। राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने किसी मां का दूध नहीं पिया है जो कश्मीर को भारत से अलग कर दे। राजनाथ सिंह त्रिपुरा के अगरतला में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। समाचार एजेंसी एएनआई ने राजनाथ सिंह का 39 सेकेंड का वह वीडियो भी अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है, जिसमें वह पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर बरसते हुए दिखाई दे रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा- ”हमारा एक पड़ोसी देश है पाकिस्तान, जब हो बात, भारत को परेशान करने की, भारत को और अस्थिर करने की, भारत को तोड़ने की कोशिश करता है। कश्मीर बराबर वहां पर नापाक हरकतें करता रहता है, कहता है कि कश्मीर को हम भारत से अलग कर देंगे, बहनों-भाइयों, किसी ने मां का दूध नहीं पिया है कि कश्मीर को भारत से अलग कर दे, कश्मीर हमारा था, है और रहेगा।”

 

हाल ही में राजनाथ सिंह ने यह कहते हुए पाकिस्तान को चेताया था कि भारत की विनम्रता और शालीनता की भी एक पराकाष्ठा है। गृहमंत्री ने कहा था कि पाकिस्तान ने आश्वासन दिया था कि वह संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं करेगा, लेकिन उसकी नापाक हरकतें जारी हैं। हमारी विनम्रता और शालीनता की भी एक पराकाष्ठा है और इसका गलत अर्थ नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान भारत को कम न आंके, भारत अब एक ताकतवर देश है और मौका पड़ने पर पाकिस्तान को जवाब दे सकता है। राजनाथ सिंह ने ये बातें चंडीगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से कही थीं।

गृहमंत्री ने पाकिस्तान को चेताते हुए कहा था कि जम्मू-कश्मीर हमारा था, है और रहेगा। राजनाथ सिंह ने कहा था कि पड़ोसी देश होने के नाते भारत हमेशा से पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाता आया है, लेकिन पाकिस्तान इस ओर कदम नहीं बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा था कि कश्मीर में पहले के मुकाबले स्थिति अब काफी सामान्य हुई है, इसके लिए उन्होंने सेना के प्रयासों की तारीफ की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *