फ्री कंडोम स्टोर पर टूट पड़े लोग, महज 69 दिन में 10 लाख कंडोम हुए ऑर्डर

भारत में ऑनलाइन फ्री कंडोम स्टोर से सिर्फ 69 दिनों में 9.56 लाख कंडोम ऑर्डर किए गए हैं। एड्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की ओर से 28 अप्रैल को फ्री कंडोम स्टोर को शुरू किया गया था। इस स्टोर से लोग फोन या ईमेल भेजकर कंडोम मंगा सकते हैं। दरअसल भारत के गर्भनिरोधक बाजार में कंडोम का शेयर सिर्फ 5 फीसदी है, यानि बहुत कम लोग कंडोम का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन फ्री कंडोम स्टोर डाटा एक नए रुझान की ओर इशारा कर रहा है। हालांकि करीब 10 लाख में 5.14 लाख कंडोम कम्यूनिटी और एनजीओ की ओर से ऑर्डर किए गए, जबकि आम लोगों ने सिर्फ 4.41 लाख कंडोम ऑर्डर किया।

आम लोगों में दिल्ली और कर्नाटक के लोगों की संख्या काफी अधिक रही। एड्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने हिन्दुस्तान लैटेक्स लिमिटेड के साथ मिलकर स्पेशल ब्रांड का कंडोम बनाने का फैसला किया था। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फाउंडेशन के इंडिया प्रोग्राम डायरेक्टर वी सैम प्रसाद ने कहा है कि उन्होंने सोचा था, 10 लाख कंडोम दिसंबर तक चलेगा। लेकिन यह जुलाई के पहले हफ्ते में ही खत्म हो गया। कंडोम के लिए नए ऑर्डर दे दिए गए हैं।

जानकारों के मुताबिक, ऑनलाइन स्टोर से लोगों ने अधिक कंडोम इसलिए ऑर्डर किए क्योंकि उन्हें दुकानों पर जाकर कंडोम खरीदने में शर्मिंदगी होती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *