बरेली की वोटर लिस्ट से हटा प्रियंका चोपड़ा का नाम, शिकायत के बाद प्रशासन ने लिया फैसला

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और उनकी मां का नाम बरेली की मतदाता लिस्ट से हटा दिया गया है। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उन्हें यह शहर छोड़कर मुंबई में बसे हुए 17 साल हो गए हैं। प्रियंका चोपड़ा ने जब मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था, उसके बाद उनका परिवार बरेली से मुंबई शिफ्ट हो गया था। जिलाधिकारी कै. आर विक्रम सिंह ने बताया, ‘प्रिंयका चोपड़ा और उनकी मां मधु चोपड़ा का नाम मतदाता लिस्ट से हटा दिया गया है।’ इस मामले में एक स्थानीय निवासी ने शिकायत की थी, जिसके बाद प्रशासन ने ब्लॉक लेवल ऑफिसर को रिपोर्ट सब्मिट करने के लिए कहा था। डीएम ने बताया, ‘ब्लॉक लेवल ऑफिसर की रिपोर्ट मिलने के बाद उनके नाम मतदाता लिस्ट से हटाए दिए गए।’ प्रियंका चोपड़ा और उनकी मां मधु चोपड़ा का नाम मुंबई की मतदाता लिस्ट दर्ज है। कानून के मुताबिक पूरे देश में केवल एक जगह ही वोटर लिस्ट में नाम हो सकता है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि प्रियंका के पिता स्व. कर्नल अशोक चोपड़ा ने जिला प्रशासन को साल 2012 में एक पत्र के जरिए इसकी सूचना दी थी कि उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो चुका है, उसके बावजूद भी इनका नाम वोटर लिस्ट में था। प्रियंका अभी वहां नहीं रहती हैं और उनका शहर में सिटी रेलवे स्टेशन के पास जो घर वह काफी दिनों से बंद पड़ा है।

बता दें, उत्तर प्रदेश में अभी निकाय चुनाव होने वाले हैं। राज्य में तीन चरणों 22, 26 और 29 नवंबर को चुनाव होंगे। चुनाव के नतीजे एक दिसंबर को जारी किए जाएंगे। ऐसे में चुनाव से पहले कुंवरपुर निवासी एक युवक ने चुनाव आयोग को पत्र भेजकर इसकी शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि शहर के वार्ड 56 की जूनियर हाईस्कूल जसौली की मतदाता सूची में 234 क्रमांक संख्या पर प्रियंका चोपड़ा और उनकी मां मधु चोपड़ा का नाम दर्ज है। इसके बाद प्रशासन का ध्यान इस ओर गया और उन्होंने इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्रियंका और उनकी मां को नाम वोटर लिस्ट से हटाने का फैसला किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *