बारिश ने पारा किया कम तो जाम ने बेदम

पिछले दो दिनों से पंजाब, हरियाणा समेत दिल्ली और आसपास के इलाकों में झमाझम हो रही बारिश ने माहौल को खुशगवार कर दिया है। भारी बारिश से इन क्षेत्रों का पारा नीचे चला गया। कई जगह सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बाधित हुआ और लोग जाम से जूझते रहे। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में रविवार को दिन साफ और तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह की शुरुआत राहत भरी होगी, हल्के बादल भी होंगे। लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते सूरज खिलने लगेगा।  बीते दो दिनों में बदरा ने अपनी पारी में दिल्ली वालों को सराबोर कर दिया और सरकारी एजंसियों की पोल भी खोल दी। दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हो रही तेज बारिश का दौर शनिवार को भी रुक-रुककर जारी रहा। लेकिन शुक्रवार की तुलना में थोड़ी राहत रही।
शनिवार को जल जमाव रोकने के लिए निगम की टीमें सड़कों पर उतरीं। निगम के प्रवक्ता वाइएस मान के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में कहीं से भी जल जमाव की शिकायत नहीं मिली। कड़कड़डूमा बाहुबली एन्क्लेव, गणेशनगर (बी ब्लाक), यमुना बिहार के डीडीए ब्लाक स्थित लवली रोज स्कूल के पास पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कमान संभाली। लेकिन वे कई जगह लोगों को जाम से नहीं बचा सके। बारिश के कारण कई जगह ट्रैफिक सिग्नलों ने काम करना बंद कर दिया। लाल किला चौराहा, लक्ष्मी नगर, पुरानी दिल्ली के पुल मिठाई, पहाड़गंज, चांदनी चौक आदि जगहों पर जाम लगा। मोदी मिल फ्लाईओवर, संगम विहार से लेकर आंबेडकर नगर लालबत्ती तक सुबह के समय जाम रहा। भोगल और धौलाकुआं को जोड़ने वाली सड़कें भी प्रभावित दिखीं। बावजूद इसके स्थिति शुक्रवार के मुकाबले ठीक रही। इसकी बजह छुट्टी का दिन होना भी रहा। शनिवार को केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रहते हैं। लिहाजा सड़कों पर गाड़ियां कम रहीं। उधर शनिवार को दिल्ली में राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म पर पानी भरने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। भूमिगत इस स्टेशन के नोएडा-वैशाली फ्लेटफार्म पर घंटों पानी भरा रहा।

बारिश ने रामलीलाओं के मंचन को भी प्रभावित किया। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी कई जगह रामलीला रोक दी गई। रामलीलाओं के पंडाल पानी से भर गए हैं। तेज बारिश के कई जगह रामलीला मंच में लगे टेंट टूट गए।  दिल्ली वालों के लिए छुट्टियों वाला शनिवार सुकुन भरा रहा। मौसम सुहावना था। अधिकतम तापमान भी छह डिग्री नीचे गिर गया। आद्रता 91 से 93 फीसद दर्ज की गई। तापमान औसतन 25 डिग्री सेंटीग्रेड रहा। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रही। मौसम सुहावना होने की वजह से खेलने-कूदने वालों के अलावा शाम को इंडिया गेट पर जुटने वाले लोगों का मजा दोगुना हो गया। शाम को दिन में करीब तीन-चार घंटे बारिश ने भी आराम किया। उधर पंजाब व हरियाणा में कई जगहों पर भारी बारिश से यातायात बाधित हुआ और कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग बताया कि शुक्रवार को रात भर हुई बूंदाबांदी से पारा भी नीचे चला गया। मोहाली, चंडीगढ़, जीरकपुर और कुछ अन्य इलाकों में प्रमुख सड़कों पर जलजमाव रहा जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। चंडीगढ़, मोहाली और खरड़ इलाकों से यातायात जाम की खबरें हैं। केंद्र प्रशासित चंडीगढ़ में शुक्रवार से 57.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *