बीजेपी एमएलए ने अपने ही मंत्री पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बताया राजनीति का सौदागर

उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायकों द्वारा ही योगी सरकार के मंत्रियों पर आरोप लगाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब प्रदेश के बैरिया विधानसभा क्षेत्र (बलिया जिला) के विधायक सुरेंद्र सिंह ने बुधवार (23 मई) को कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजभर अपने परिजनों को राजनीति में लाकर पैसे कमाने में जुटे हैं। सुरेंद्र सिंह ने कहा, ‘ओमप्रकाश राजभर का नाम बदलकर ओमप्रकाश घरभर रख देना चाहिए। वह टिकटें बेचकर पैसा कमा रहे हैं। उन्होंने बेटी, बेटा और पत्नी को भी इसी मकसद से राजनीति में लाया है। मैं तो अध्यापक हूं, लेकिन यदि हमारा वश चलता तो मैं उनका नाम जरूर बदल देता।’ बैरिया के विधायक राजभर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें मंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि बलिया में भाजपा के नेता भ्रष्ट हैं। अब सुरेंद्र सिंह ने ओमप्रकाश राजभर को राजनीति का सौदागर करार दिया है।

सुरेंद्र सिंह अपने बयानों को लेकर पहले भी विवादों में रह चुके हैं। दुष्कर्म की घटनाओं पर विधायक ने अजीबोगरीब सलाह दे डाली थी। उन्होंने कहा था कि अभिभावकों को अपने बच्चों को यूं ही आजाद नहीं घूमने देना चाहिए। भाजपा विधायक ने साथ ही बच्चों को मोबाइल फोन न देने की भी सलाह दी थी। उने इस बयान पर काफी विवाद हुआ था। सुरेंद्र सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘शूर्पनखा’ तक कह डाला था। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर भी विचित्र टिप्पणी की थी। सुरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम का अवतार बताया था। राजभर भी विवादास्पद बयान देने में पीछे नहीं हैं। उन्होंने हाल में ही कहा था कि राजपूत और यादव समुदाय के लोग सबसे ज्यादा शराब पीते हैं। इससे उत्तर प्रदेश में विवाद पैदा हो गया था। ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर भी विवादित बयान देने में पीछे नहीं हैं। उन्होंने चंदौली जिले में पुलिस स्टेशन को जला देने की धमकी दी थी। इसके अलावा अरविंद ने हाल में ही महिलाओं और लड़कियों को छेड़ने वालों का हाथ काट डालने की बात कही थी। उनके इस बयान पर विपक्षी पर्टियां भी हमलावर हो गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *