बीजेपी एमएलए ने योगी आदित्य नाथ को चिट्ठी लिख लगाई गुहार, बोले- कुछ करिए नहीं तो 2019 में जीतना मुश्किल है

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपने ही विधायकों के आरोपों पर घिरती हुई नजर आ रही है। सूबे में बदायूं से भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य सरकार शिक्षा के विकास के लिए इससे जुड़े प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाए। विधायक ने पत्र में आगे लिखा है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का यहां से जीतना मुश्किल भरा होगा। विधायक ने पत्र में आगे लिखा है, “बदायूं जनपद देश और प्रदेश के अति पिछड़े जनपदों में से है। बदायूं लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव साल 2009 से कर रहे हैं। साल 2012 में राज्य में सपा सरकार आने के बाद बदायूं जनपद में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया, जो निर्माणधीन है। इसके साथ ही बदायूं को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज और बाईपास स्वीकृत किया गया। बाईपास का काम भी निर्माणधीन है। बरेली से बदायूं तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया। जनपद के कई मार्गों को भी राज्य मार्ग का दर्जा दिलाया गया। कई डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए। दो नए विकास खंड सृजित कराए गए। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी उनके द्वारा किए गए।”

पत्र में आगे लिखा गया है कि बदायूं जनपद के तहत आने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों में पांच में भाजपा के विधायक हैं। इसके साथ ही राज्य में सरकार भी भाजपा की है।इस सबके बावजूद साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रत्याशी इस क्षेत्र से जीतने की स्थिति में होगा, इस बात पर भाजपा विधायक को संदेह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *