भाजपा की झोली में आए दोनों राज्य गुजरात और हिमाचल

दो राज्यों में विधानसभा के चुनाव सर्वेक्षण में भाजपा को सफलता मिलने की संभावना जताई गई है। गुजरात में भाजपा फिर स्पष्ट बहुमत प्राप्त करेगी। गुजरात में भाजपा की चिंता बढ़ाने वाली खबर भी है। चुनाव सर्वेक्षण में पीछे रहकर भी कांग्रेस ने अपने मतों में इजाफा किया है और भाजपा के वोट घटे हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के हाथ से निकलता दिख रहा है। वहां भाजपा पांच साल बाद सत्ता में लौटती दिख रही है। राज्य की राजनीति में यह देखा गया है कि हर पांच साल पर सत्ता परिवर्तन होता है। गुजरात में बुधवार को दूसरे और अंतिम दौर का मतदान खत्म हुआ। तुरंत बाद से अगल-अलग समाचार चैनलों और एजंसियों ने एक्जिट पोल नतीजे जारी करने शुरू किए। हिमाचल प्रदेश में नौ नवंबर को मतदान हुआ था। गुजरात में पहले चरण के लिए नौ दिसंबर और दूसरे चरण के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। गुजरात में विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं, जबकि हिमाचल में विधानसभा सीटों की संख्या 68 है।

गुजरात को लेकर टाइम्स नाउ-वीएमआर के चुनाव बाद सर्वेक्षण में कहा गया कि राज्य में भाजपा को 115, कांग्रेस को 64 और शेष सीट अन्य दलों को मिल सकती हैं। रिपब्लिक-सी वोटर के अनुसार भाजपा को 108 और कांग्रेस को 74 सीट मिलने का अनुमान है। एबीपी-सीएसडीएस का आकलन है कि भाजपा को 117 और कांग्रेस को 64 सीट मिल सकती हैं। वहीं, एनडीटीवी ने कहा कि भाजपा को 112 और कांग्रेस को 70 सीट मिल सकती हैं। इंडिया टुडे के ‘आज तक’ के अनुसार भी भाजपा सत्ता पर फिर से कब्जा हासिल करेगी। इसने कहा कि भाजपा को 99 से 113 सीट मिल सकती है जबकि कांग्रेस के खाते में 68 से 82 सीट जाने का अनुमान है। गुजरात में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 92 सीट जीतने की जरूरत होगी। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115, कांग्रेस को 61 तथा अन्य को छह सीट मिली थीं।

चुनाव बाद सर्वेक्षणों से साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी की धुआंधार रैलियां कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी की महीनों की मेहनत पर भारी पड़ती दिख रही है। लेकिन सीटों में पीछे रहकर भी अपने वोटों में कांग्रेस ने अच्छा सुधार किया है। सी वोटर के मुताबिक भाजपा को इस बार 47.4 फीसद और कांग्रेस को 43.3 फीसद वोट मिलने की उम्मीद है। अगर इस आंकड़े पर गौर करें तो भाजपा को एक फीसद कम और कांग्रेस का 4.5 फीसद वोट ज्यादा मिलेंगे। पिछली बार कांग्रेस को 38.8 फीसद वोट मिले थे। टाइम्स नाउ के अनुसार भी भाजपा का वोट प्रतिशत इस बार घटता दिख रहा है। भाजपा को इस बार पिछली बार से एक फीसद कम यानि 47 फीसद वोट मिलने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस को पहले से दो फीसद ज्यादा यानी 41 फीसद वोट मिलने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा पांच साल बाद सत्ता में लौटती दिख रही है। ‘टाइम्स नाउ-वीएमआर’ और ‘जी न्यूज-एक्सिस’ के एक्जिट पोल में भाजपा को 68 सदस्यीय विधानसभा में 51 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। ‘टाइम्स नाउ-वीएमआर’ के सर्वेक्षण में कांग्रेस को 16 और जी न्यूज-एक्सिस के पोल में कांग्रेस को 17 सीटें दी गई हैं। ‘आजतक-एक्सिस’ के एक्जिट पोल में भाजपा को 47-55 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, वहीं कांग्रेस को 13-20 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। ‘न्यूज एक्स’ के पोल के मुताबिक भाजपा को 42-50 सीटें और कांग्रेस को 18-24 सीटें मिल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते नौ नवंबर को मतदान हुआ था। सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *