भाजपा के सांसद बोले-देश के लिए खतरा हैं ईसाई मिशनरियां, इशारे पर काम कर रहीं सोनिया

भाजपा के बलिया से सांसद भरत सिंह ने ईसाई मिशनरियों के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने मिशनरियों को  देश के लिए खतरा बताया है। कहा है कि सोनिया गांधी और उनकी पार्टी ईसाई मिशनरियों के निर्देशन में काम कर रही है।सांसद ने कहा-ईसाई मिशनरीज कांग्रेस को नियंत्रित कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी ईसाई मिशनरियों के निर्देशन में काम कर रही हैं। देश की एकता के लिए ये मिशनरियां खतरा हैं। सांसद  ने ये बातें पत्रकारों से बातचीत में कही।

सिंह ने कहा कि देश भर में जितने महंगे स्कूल हैं, सभी का संचालन ईसाई मिशनरियों की ओर से होता है। भारत का पैसा विदेशों में भेजा जा रहा है। देश के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश हो रही है।जब पत्रकारों ने सवाल किया कि जब ईसाई मिशनरियां और उनके स्कूल देश के लिए खतरा हैं तो इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती, इस पर सांसद ने कहा कि वह और उनकी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा करती है।उन्होंने कहा कि इसके जवाब में आरएसएस की ओर से शिशु मंदिरों की स्थापना की जा रही है।

भरत सिंह ने यह भी आरोप लगााय कि उत्तरी-पूर्वी राज्यों में ईसाई धर्मांतरण के कारण लोकतंत्र कमजोर हो गया है।उन्होंने कहा कि उत्तरी-पूर्वी राज्यों में ईसाई मिशनरियों का दखल लगातार बढ़ा है। मिशनरियों के झांसे में आकर लोग तेजी से ईसाई धर्म ग्रहण कर रहे हैं।इससे देश के लिए खतरा पैदा हुआ है। बलिया सांसद ने भीमराव आंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने के पीछे ईसाई मिशनरियों का हाथ बताया। जज लोया मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सांसद ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में तनिक भी विश्वास नहीं करती।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *